नए मतदाताओं के पंजीकरण में महाविद्यालय निभाएं सक्रिय भूमिका
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के उच्च शिक्षा से जुड़े सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) पंकज प्रकाश राठौर एवं अखिलेश यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
इस दौरान सभी महाविद्यालयों के प्रतिनिधियों से अधिक से अधिक फॉर्म-6 भरवाने की अपेक्षा की गई। उनसे कहा गया कि वे अपने महाविद्यालयों में 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों का मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए ऑनलाइन आवेदन कराएं। इसके लिए उन्हें वीडियो क्लिप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया की विधिवत जानकारी दी गई।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में मतदाता सूची के महत्व को देखते हुए सभी लोग सहयोगात्मक भागीदारी निभाएं और बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करें। अपने महाविद्यालयों के ऐसे छात्र-छात्राये, जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, उनका आवेदन ऑनलाइन कराना सुनिश्चित करें। अपर जिलाधिकारी ने जनगणना के विषय में जानकारी देते हुए सभी से जनगणना कार्य में सहयोग करने तथा इसके लिए लोगों को प्रेरित करने को कहा। उन्होंने बैठक के दौरान सभी को मोबाइल ऐप पर स्व-जनगणना की बारीकियों से भी अवगत कराया।
आयोजित बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक हरिश्चंद्र नाथ, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अमरेश, ईडिस्ट्रिक्ट मैनेजर राजीव मिश्रा सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
