चार दिवसीय उत्सव में जनजातीय कला, लोकनृत्य, संगीत और हस्तशिल्प का दिखा अनूठा संगम
लखनऊ। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव–2026 का आज यूपी दर्शन पार्क, गोमती नगर, लखनऊ में भव्य समापन हुआ। 23 से 26 नवंबर तक आयोजित इस उत्सव ने देश की समृद्ध जनजातीय कला, संस्कृति, लोक परंपराओं, संगीत, नृत्य, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विविधता को एक साझा मंच प्रदान किया। समापन दिवस पर विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि जयवीर सिंह, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार रहे। समारोह में असीम अरुण, समाज कल्याण एवं अनुसूचित जाति तथा जनजाति कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), उत्तर प्रदेश सरकार, तथा दयाशंकर सिंह, परिवहन मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर प्रो. मांडवी सिंह, कुलपति, भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय; पद्मश्री विद्या बिंदु सिंह, दीपा रंजन, विशेष सचिव, संस्कृति विभाग; प्रवीण मिश्र, विशेष सचिव, समाज कल्याण एवं निदेशक, जनजाति विकास विभाग, जे. जी. कौल, अपर निदेशक, संस्कृति; तथा डॉ. प्रियंका वर्मा, उपनिदेशक, जनजाति विकास विभाग सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
इस उत्सव का आयोजन उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान, लखनऊ द्वारा किया गया। संस्थान के निदेशक अतुल द्विवेदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस चार दिवसीय उत्सव में देश-विदेश के कलाकारों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय कला, संस्कृति एवं परंपराओं की विविधता को प्रदर्शित किया। आयोजन का उद्देश्य जनजातीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन तथा कलाकारों को व्यापक मंच उपलब्ध कराना रहा।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
समापन दिवस पर विभिन्न राज्यों एवं अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक दलों के कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय जीवन, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता की जीवंत झलक प्रस्तुत की। विशेष आमंत्रित विदेशी दलों के अंतर्गत कजाकिस्तान, जिम्बाब्वे एवं मालदीव के कलाकारों की प्रस्तुतियों ने अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक सहभागिता को विशेष आयाम प्रदान किया।
झारखंड की धरती से भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं संघर्ष पर आधारित नाटक ‘धरती आबा’ ने दर्शकों को जनजातीय अस्मिता, स्वाभिमान और स्वतंत्रता चेतना से परिचित कराया। इसके साथ ही सुमर डोमकच, सोनभद्र; थारू जनजाति नृत्य, पीलीभीत; गौर मड़िया/कंकसार, छत्तीसगढ़ संस्कृति संचालनालय; तथा बैगा परधौनी, मध्य प्रदेश की प्रस्तुतियों ने भारत की समृद्ध जनजातीय सांस्कृतिक परंपराओं को मंच पर जीवंत किया।

उत्सव परिसर में घूमंतू कलाओं के अंतर्गत कठपुतली प्रदर्शन, बहुरूपिया, जयपुर की नट-नटी कला एवं जादू प्रदर्शन भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे। इन प्रस्तुतियों ने पारंपरिक लोक मनोरंजन और प्रदर्शनकारी कलाओं की समृद्ध विरासत से दर्शकों को रूबरू कराया।
जनजातीय संस्कृति, कला और सहभागिता का साझा मंच
चार दिनों तक चले इस उत्सव में देश के विभिन्न राज्यों के जनजातीय कलाकारों, शिल्पकारों, लोक कलाकारों एवं सांस्कृतिक दलों ने सहभागिता की। आयोजन के माध्यम से जनजातीय समुदायों की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, लोकनृत्य, संगीत, वेशभूषा और सांस्कृतिक विरासत को आमजन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण प्रयास किया गया।
उत्सव ने जनजातीय समुदायों की सांस्कृतिक पहचान, उनकी कला परंपराओं और रचनात्मक अभिव्यक्ति को सम्मान देने के साथ-साथ विभिन्न समुदायों एवं देशों के बीच सांस्कृतिक संवाद, आपसी समझ और सहभागिता को बढ़ावा दिया। जनजातीय कलाकारों और शिल्पकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने तथा व्यापक दर्शक वर्ग से जुड़ने का अवसर मिला।
संस्कृति, संवाद और साझेदारी का सफल उत्सव
अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव–2026 का समापन केवल एक सांस्कृतिक आयोजन का समापन नहीं, बल्कि जनजातीय संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन, प्रचार-प्रसार और कलाकारों को व्यापक मंच उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में रहा। चार दिनों तक यूपी दर्शन पार्क जनजातीय संस्कृति, लोक कला, परंपरा और विविधता के रंगों से सराबोर रहा। उत्सव ने यह संदेश दिया कि भारत की सांस्कृतिक शक्ति उसकी विविधता में निहित है और जनजातीय कला एवं परंपराएं देश की सांस्कृतिक विरासत का अमूल्य हिस्सा हैं। अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव–2026 का भव्य समापन जनजातीय संस्कृति के सम्मान, संरक्षण, संवर्धन तथा वैश्विक सांस्कृतिक साझेदारी के संकल्प के साथ हुआ।
