/ Nov 24, 2026

TN

TotaRam News

What's Hot

बाघ से आगे बढ़ा यूपी का वाइल्ड लाइफ टूरिज्म, अब सारस, तितली और प्रवासी पक्षी भी होंगे आकर्षण

Table of Content

जंगल से झील और वेटलैंड्स तक हर प्राकृतिक क्षेत्र को मिल रही विशिष्ट पहचान

लखनऊ। गाजीपुर में रंग-बिरंगी तितलियों को निहारता बच्चा हो या मैनपुरी की आर्द्रभूमि (वेटलैंड) के बीच विचरण करते सारस को कैमरे में कैद करता पक्षी प्रेमी या फिर दुधवा अभ्यारण्य में बाघ देखने को उत्सुक पर्यटक। उत्तर प्रदेश का पर्यटन अब ऐतिहासिक इमारतों और धार्मिक स्थलों तक सीमित नहीं रह गया है। राज्य के जंगल, वेटलैंड्स, नदियां, पक्षी और समृद्ध जैव विविधता भी पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं। कुल मिलाकर, देश का सबसे बड़ा प्रदेश एक ऐसे इको-टूरिज्म मॉडल की ओर बढ़ रहा है, जहां पर्यटन के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय समुदायों की भागीदारी को भी केंद्र में रखा जा रहा है।

राष्ट्रीय वन्यजीव दिवस (04 सितंबर) के अवसर पर प्रदेश में इको टूरिज्म को लेकर तैयार की जा रही योजनाओं में प्राकृतिक स्थलों को समझने और उनके संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। नेचर ट्रेल, इंटरप्रिटेशन सेंटर, वॉचटावर, साइनेज और प्रजाति आधारित सर्किट विकसित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य वाइल्ड लाइफ टूरिज्म को केवल वन्यजीवों को देखने तक सीमित न रखकर पर्यटकों को उनके प्राकृतिक परिवेश और जैव विविधता से भी रूबरू कराना है।

70 इको टूरिज्म परियोजनाओं के लिए 231 करोड़ मंजूर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2025-26 के बीच प्रदेश में 70 इको टूरिज्म परियोजनाओं के लिए 231 करोड़ रुपए से अधिक की धनराशि मंजूर की गई है। इन परियोजनाओं में जंगलों, आर्द्रभूमियों, वन्यजीव क्षेत्रों, पक्षी विहारों, झीलों और अन्य प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को शामिल किया गया है।

‘वन्यजीव पर्यटन से बढ़ेगा प्रकृति के प्रति आकर्षण’

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में इको टूरिज्म को इस तरह विकसित किया जा रहा है, जिससे हर प्राकृतिक क्षेत्र की अपनी खासियत बरकरार रहे और पर्यटक उसे करीब से समझ सकें। उन्होंने कहा कि वन्यजीव पर्यटन का मतलब केवल वन्यजीवों को देखना और उनकी तस्वीरें खींचना नहीं है। नेचर ट्रेल, इंटरप्रिटेशन सेंटर, व्यूइंग स्पेस और प्रजाति आधारित सर्किट के जरिए पर्यटकों को प्राकृतिक आवास और जैव विविधता की बेहतर जानकारी दी जा सकती है। इससे लोगों में प्रकृति और वन्य जीवों के प्रति आकर्षण बढ़ेगा तथा रिस्पांसिबल टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, इन पर्यटन स्थलों से जुड़े स्थानीय समुदायों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर भी तैयार होंगे।’

दुधवा से बुंदेलखंड तक बढ़ रहा दायरा

पर्यटकों की राह आसान बनाने के साथ उन्हें वन्यजीवों और जंगल के प्रति जिम्मेदार बनाने के लिए सरकार साइनेज व्यवस्था को मजबूत कर रही है। तराई क्षेत्र में दुधवा को केंद्र में रखकर करीब आठ करोड़ रुपए की लागत से साइनेज संबंधी कार्य कराए जा रहे हैं। इसमें करीब पांच करोड़ रुपए दिल्ली-एनसीआर और लखनऊ से दुधवा आने वाले मार्गों पर साइनेज लगाने पर खर्च किए जाएंगे। वहीं, तीन करोड़ रुपए से अधिक की राशि दुधवा टाइगर रिजर्व, किशनपुर और कतर्नियाघाट वन्यजीव अभ्यारण्य क्षेत्रों में साइनेज व्यवस्था विकसित करने पर खर्च होगी। इन साइनेज के माध्यम से पर्यटकों को रास्तों और प्रमुख स्थलों की जानकारी देने के साथ ही वन क्षेत्रों में वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार व्यवहार के लिए भी जागरूक किया जाएगा।

वहीं, चित्रकूट के रानीपुर टाइगर रिजर्व के पास पर्यटन भूमि के विकास के लिए करीब 14 करोड़ रुपए की परियोजना पर काम किया जा रहा है। इससे बुंदेलखंड भी प्रदेश के वन्यजीव पर्यटन मानचित्र पर मजबूती से उभर रहा है। 

वेटलैंड्स में प्रवासी पक्षियों का संसार

प्रदेश के इको टूरिज्म नेटवर्क में आर्द्रभूमि (वेटलैंड्स) की भी अहम भूमिका है। आगरा के सूर सरोवर पक्षी विहार में नेचर ट्रेल, वॉचटावर और साइनेज जैसी सुविधाएं विकसित हो रही हैं। वहीं मुजफ्फरनगर की हैदरपुर वेटलैंड में नेचर ट्रेल, नेचर कैंप और वॉचटावर तैयार किए जा रहे हैं। इसके अलावा, रायबरेली के समसपुर पक्षी विहार, महराजगंज के सोहगीबरवा वन्य जीव अभ्यारण्य और संत कबीर नगर की बखिरा झीलको भी पर्यटन सुविधाओं से जोड़ने के लिए विकास परियोजनाएं शुरू की गई हैं।

कौशांबी की अलवारा झील और दरियाबगंज झील अब प्रकृति प्रेमियों के लिए नए आकर्षण के रूप में विकसित हो रही हैं। अलवारा झील के लिए चार करोड़ रुपए से अधिक और दरियाबगंज झील के लिए 3.5 करोड़ रुपए से अधिक की पर्यटन परियोजनाएं प्रस्तावित/स्वीकृत की गई हैं। वहीं, शामली की मामौर झील और बरेली की झीलों को भी प्रदेश के विस्तारित प्रकृति पर्यटन नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। खासकर सर्दियों में इन आर्द्रभूमियों में प्रवासी पक्षियों की मौजूदगी पर्यटकों को आकर्षित करती है। ग्रेलैग गूज, नॉर्दर्न पिंटेल, रडी शेलडक और नॉर्दर्न शोवलर जैसे पक्षियों के पहुंचने से ये स्थल बर्ड वॉचिंग और वेटलैंड टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहे हैं।

सारस के साथ उसकी दुनिया को देख सकेंगे पर्यटक

उत्तर प्रदेश के राजकीय पक्षी सारस को अब केवल देखने भर नहीं, बल्कि उसके प्राकृतिक परिवेश और जीवन से समझने का मौका भी पर्यटकों को मिलेगा। इटावा और मैनपुरी में विकसित किए जा रहे दो सारस सर्किट इसी दिशा में अहम पहल हैं। इन दोनों परियोजनाओं पर सात करोड़ रुपए से अधिक खर्च किए जा रहे हैं। इटावा के सारस सर्किट में सरसई नावर और परौली रामायण को शामिल किया गया है, जबकि मैनपुरी सर्किट में किरिथुआ, सहस सहान, कुरी जरावन, सौंज और समान को जोड़ा जा रहा है। इन स्थलों पर पाथवे, सूचना पट्टिकाओं और व्यूइंग सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।

सर्किट विकसित होने के बाद पर्यटक सारस को करीब से देखने के साथ उन आर्द्रभूमियों और कृषि क्षेत्रों को भी समझ सकेंगे, जो इस पक्षी के प्राकृतिक आवास और जीवन का आधार हैं। इस तरह सारस सर्किट वन्यजीव दर्शन को उसके पूरे प्राकृतिक परिवेश से जोड़ने का काम करेंगे।

गाजीपुर में बच्चों के करीब आएगी जैव विविधता

वहीं, गाजीपुर में कामाख्या वन पार्क को प्रकृति और जैव विविधता के अनूठे अनुभव के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। नवंबर तक इसे पूरा करने का लक्ष्य है। पार्क में तितली उद्यान और इंटरप्रिटेशन सेंटर समेत कई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। यहां खास बात यह होगी कि बच्चों, विद्यार्थियों और परिवारों को किसी बड़े वन्यजीव अभ्यारण्य तक गए बिना ही तितलियों और जैव विविधता को करीब से जानने-समझने का मौका मिलेगा

प्रकृति के हर रंग से रूबरू करा रहा यूपी का इको टूरिज्म

कुल मिलाकर प्रदेश की इको टूरिज्म परियोजनाएं अलग-अलग प्राकृतिक क्षेत्रों को उनकी विशिष्ट पहचान के अनुरूप पर्यटन अनुभव दे रही हैं। दुधवा और रानीपुर जहां बाघों के प्राकृतिक आवास से परिचित कराते हैं, वहीं वेटलैंड्स प्रवासी पक्षियों और जलीय पारिस्थितिकी की झलक प्रस्तुत करती हैं। सारस सर्किट किसी एक प्रजाति और उसके पूरे परिवेश को समझाते हैं, जबकि कामाख्या वन पार्क बच्चों और परिवार के सदस्यों के लिए जैव विविधता को आसान और सुलभ अनुभव में बदल रहा है।

राष्ट्रीय वन्यजीव दिवस का संदेश भी यही है कि वाइल्ड लाइफ टूरिज्म सिर्फ वन्यजीवों को देखने तक सीमित न रहे। पर्यटक जब जंगल में जाएं तो वहां के जीव-जंतुओं के साथ उनके प्राकृतिक आवास, जैव विविधता और पूरे पारिस्थितिकी तंत्र को भी समझें। यही अनुभव वन्यजीव पर्यटन को प्रकृति और संरक्षण से जोड़ता है।

totaramnews1@gmail.com

totaramnews1@gmail.com http://totaram.news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News

Trending News

Editor's Picks

Bali Jatra 2026: भारत की राष्‍ट्रपति कटक में बाली जात्रा महोत्सव 2026 में शामिल हुईं

अतीत से प्रेरणा लें, वर्तमान को गढ़ें और भविष्य को उज्ज्वल बनाएं: राष्‍ट्रपति डेस्क। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज कटक, ओडिशा में बाली जात्रा महोत्सव 2026 में शामिल हुईं। इस अवसर पर अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि बाली जात्रा एक न्‍यारा पर्व है जो ओड़िशा के गौरवमय इतिहास का गुणगान करता है। समुद्री व्यापार...

मरीजों के हित में यूपी एफएसडीए का विशेष अभियान, प्रदेश की सभी हॉस्पिटल फार्मेसियों की होगी जांच

04 दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान लखनऊ। अस्पतालों में इलाज करा रहे मरीजों को दवाओं की खरीद में अधिक पारदर्शिता और सूचित विकल्प उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत प्रदेशभर की अस्पताल आधारित फार्मेसियों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाएगा। 04 दिसंबर, 2026...

केशव प्रसाद मौर्य बोले- गरीब कल्याण और बेटियों का सम्मान डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता, सामूहिक विवाह योजना से मिल रही मदद

मूसानगर में 51 नवविवाहित जोड़ों को उप मुख्यमंत्री ने दिया आशीर्वाद लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मंगलवार को कानपुर देहात के मूसानगर स्थित अखण्ड परमधाम आश्रम में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति द्वारा ब्रह्मलीन पूज्य स्वामी अच्चिदानंद शास्त्री जी महाराज के 34वें...

सारनाथ में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु, मूलगंध कुटी विहार की 95वीं वर्षगांठ पर उमड़ी भीड़

वियतनाम और श्रीलंका से पहुंचे सर्वाधिक विदेशी श्रद्धालु सारनाथ/लखनऊ। सारनाथ स्थित मूलगंध कुटी विहार की 95वीं वर्षगांठ आस्था के बड़े आयोजन का साक्षी बना। भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों के दर्शन के लिए 22 से 24 नवंबर तक मूलगंध कुटी विहार में देश-विदेश से 70 हजार से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचे। तीन दिवसीय विशेष...

Varanasi 84 Ghats Audio Tour: जयवीर सिंह ने लॉन्च किया GPS आधारित ऑडियो टूर, 15 भाषाओं में सुनें काशी के घाटों का इतिहास

तकनीक और नवाचार से समृद्ध होगा काशी का पर्यटन अनुभव- जयवीर सिंह वाराणसी/लखनऊ। काशी के घाटों की ऐतिहासिक विरासत, धार्मिक मान्यताओं और पौराणिक कथाओं को जानना अब पहले से कहीं आसान होगा। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने पर्यटकों के लिए जीपीएस आधारित ‘वाराणसी 84 घाट ऑडियो बुक-ऑडियो टूर’ तैयार की है। इसके जरिये वाराणसी के...

TN

TOTARAM News

तोताराम न्यूज़ – सच्ची, सरल और ट्रेंडिंग  खबरों का नया ठिकाना।
यहाँ हर खबर मिलेगी बिना तोड़-मरोड़ के, सीधे जनता की आवाज़ के साथ।.

क्विक लिंक्स

पॉपुलर कैटेगरीज़

अवश्य पढ़ें

©2025– TotaRam.news All Right Reserved.