एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-4, जोन-7 एवं जोन-1 की टीम ने की कार्रवाई
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज में आवासीय भू-उपयोग में बनी अवैध व्यावसायिक इमारतों के खिलाफ एलडीए ने लगातार तीसरे दिन भी अभियान चलाया। इस दौरान 04 अवैध कॉम्पलेक्स सील किये गये। वहीं, दुबग्गा व सुशांत गोल्फ सिटी में 11 अवैध प्लाटिंग व 01 व्यावसायिक कॉम्पलेक्स ध्वस्त किया गया।
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार की सख्ती के बाद हरकत में आयी प्रवर्तन टीम ने गुरूवार को ताबड़तोड़ कार्रवाई की। प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने बताया कि अलीगंज की चन्द्रलोक कालोनी के सेक्टर-ई, सेक्टर-एफ, सेक्टर-जे में कार्रवाई की गयी। जिसमें मोहम्मद सीफायत हुसैन, वंदना भार्गव एवं अभिनव भार्गव, ओम प्रकाश श्रीवास्तव, संदीप गुप्ता व अन्य द्वारा आवासीय भू-उपयोग में अवैध रूप से निर्मित की गयी 04 व्यावसायिक बिल्डिंगों को सील किया गया। जोनल अधिकारी ने बताया कि सील किये गये भवनों में शोरूम, दुकानें, हॉस्पिटल, आदि व्यावसायिक गतिविधियां संचालित थीं।
प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि सुशांत गोल्फ सिटी थानाक्षेत्र के ग्राम-मस्तेमऊ में मेसर्स आरके सिटी, राजकुमार व अन्य द्वारा लगभग 10 बीघा क्षेत्रफल व कौशल महाराज व अन्य द्वारा लगभग 05 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। एलडीए से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही इन दोनों अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया गया। वहीं, सुशांत गोल्फ सिटी के ग्राम-फतेहपुर, बक्कास में बाबादीन द्वारा लगभग 1000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्मित की गयी दुकानों को ध्वस्त किया गया।
प्रवर्तन जोन-7 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार ने बताया कि दुबग्गा थानाक्षेत्र के ग्राम-बरावन कला, दशहरी व अमेठिया सलेमपुर में अभियान चलाया गया। इस दौरान रामचन्द्र, हनीफ, माजी, राकेश, साबिया काजमी, मोहम्मद आमिर हसन, पृथ्वी पाल रावत, अनूप, रामनाथ, मोहम्मद इशहाक, आशाराम रावत व अन्य द्वारा लगभग 15 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 09 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।
