एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने की कार्रवाई
लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने शनिवार को काकोरी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 05 अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया। इस दौरान निजी विकासकर्ताओं द्वारा स्थल पर किये गये अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर यह कार्रवाई प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने की।
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी मान सिंह ने बताया कि काकोरी के ग्राम-बेहटा में अभियान चलाया गया। जिसमें सरवन यादव, गोलू यादव, नंद किशोर, राजकुमार व अन्य द्वारा लगभग 25 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 05 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। उन्होंने बताया कि यह सभी अवैध प्लाटिंग एलडीए से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना की जा रही थीं और विहित प्राधिकारी न्यायालय द्वारा इनमें ध्वस्तीकरण आदेश पारित किये गये थे।
