विशेषज्ञों ने मासिक धर्म स्वच्छता और संक्रमण से बचाव की दी जानकारी
लखनऊ। लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के सहबद्ध एवं स्वास्थ्य देख-रेख विज्ञान संकाय में महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के तहत मासिक धर्म एवं जननांग स्वच्छता (Menstrual and Genital Hygiene) विषय पर अतिथि व्याख्यान आयोजित किया गया। संकाय के अधिष्ठाता प्रो. के.के. सिंह के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं छात्राओं में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना तथा मासिक धर्म और जननांग स्वच्छता के प्रति सही जानकारी उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम में छात्राओं को मासिक धर्म एवं जननांग स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक करने, इस विषय से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों और गलत धारणाओं को दूर करने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में डॉ0 स्मृति अग्रवाल, प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग, किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) ने अपने व्याख्यान के माध्यम से मासिक धर्म एवं जननांग स्वच्छता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। उन्होंने मासिक धर्म स्वच्छता के महत्व, मासिक धर्म के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता, सैनिटरी पैड के उचित उपयोग एवं निस्तारण, मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों तथा इस दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को मासिक धर्म के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

छात्राओं को प्रजनन स्वास्थ्य और संक्रमण से बचाव के प्रति किया जागरूक
डॉ० सौम्या सिंह, सह-अधिष्ठाता ने जननांग स्वच्छता, प्रजनन स्वास्थ्य, संक्रमण से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता की आदतों तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के शुरुआती लक्षणों की पहचान के विषय में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि उचित स्वच्छता एवं समय पर चिकित्सकीय परामर्श से अनेक संक्रमणों और स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं से बचाव किया जा सकता है।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं को बिना किसी संकोच के साझा करने तथा आवश्यकतानुसार विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में सोनिया शुक्ला, शिवानी वर्मा, दीपांशु यादव, अकांक्षादीप, महिमा वर्मा, शाम्भवी मिश्रा, स्वप्नील बरनवाल, अनुप कुमार, प्रियांशी सिंह, विधि भार्गव, विकास मिश्रा एवं सन्तोष प्रजापति आदि उपस्थित रहे । कार्यक्रम का शुभारंभ एवं धन्यवाद ज्ञापन शिवानी वर्मा द्वारा किया गया।
