सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को आयोग के निर्देशों के पालन के निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के संबंध में जारी निर्देशों के क्रम में मतदाता सूची की शुद्धता एवं विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए विद्यमान मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं की प्रविष्टियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के दौरान एकत्रित किये गये विवरण से मिलान किया जाएगा। इस प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची में अशुद्ध अथवा त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों को चिन्हित कर उनका नियमानुसार सत्यापन एवं आवश्यक सुधार सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि विद्यमान मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं के विभिन्न विवरणों, जैसे मतदाता का नाम, संबंधी का नाम, संबंध का प्रकार, जन्म तिथि, मोबाइल नंबर, फोटो आदि का एसआईआर के दौरान एकत्रित की गई तत्संबंधी जानकारी से मिलान किया जाएगा। इस दौरान जहां भी किसी प्रकार की विसंगति अथवा संभावित त्रुटि पायी जायेगी, तो संबंधित प्रविष्टि को सत्यापन एवं आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही के लिए चिह्नित किया जाएगा।
मतदाता का नाम, संबंधी का नाम, संबंध का प्रकार, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर एवं फोटो आदि में संभावित विसंगतियों को किया जाएगा चिह्नित
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि चिह्नित की गई प्रत्येक प्रविष्टि का भौतिक स्तर पर सत्यापन कराया जाना आवश्यक होगा। इसके लिए संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदाता से संपर्क करेंगे तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरणों का वास्तविक तथ्यों एवं उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर सत्यापन करेंगे। बीएलओ यह सुनिश्चित करेंगे कि मतदाता को उसकी प्रविष्टि में पाई गई संभावित विसंगति के संबंध में जानकारी दी जाए तथा यदि किसी विवरण में सुधार की आवश्यकता हो तो संबंधित मतदाता से नियमानुसार विधिवत भरा हुआ एवं हस्ताक्षरित फॉर्म-8 प्राप्त किया जाए।
उन्होंने कहा कि बीएलओ द्वारा प्राप्त फॉर्म-8 को संबंधित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जांच की जाएगी। आवेदन में उपलब्ध कराए गए विवरणों एवं आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण करने के बाद ही नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाताओं के जनसांख्यिकीय विवरणों में किसी भी प्रकार का संशोधन केवल संबंधित मतदाता की सहमति एवं उसके द्वारा विधिवत हस्ताक्षरित फॉर्म-8 के माध्यम से प्राप्त आवेदन के आधार पर ही किया जाएगा। किसी भी मतदाता के नाम, संबंधी के नाम, संबंध का प्रकार, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, फोटो अथवा अन्य विवरण में स्वतः कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया है कि जिला निर्वाचन अधिकारी सुनिश्चित करेंगे कि बीएलओ द्वारा मतदाताओं से संपर्क एवं सत्यापन की कार्यवाही में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। मतदाता सूची की शुद्धता बनाए रखना निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस कार्य में पूर्ण सावधानी, पारदर्शिता एवं निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाए। सभी जिला निर्वाचन अधिकारी इस संबंध में आयोग के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करायें।
