TN

TotaRam News

What's Hot

कोलकाता में Museum of Word का उद्घाटन, अमित शाह बोले- भारतीय भाषाएं हमारी सांस्कृतिक पहचान

Table of Content

शब्दों की यात्रा: ओंकार से AI तक

डेस्क। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में ‘म्यूजियम ऑफ़ वर्ड’ के पहले फेज का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी, वित्त मंत्री स्वप्न दासगुप्ता, केन्द्रीय गृह सचिव, केन्द्रीय संस्कृति सचिव और आसूचना ब्यूरो (IB) के निदेशक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आज देश भर की भाषाओं और संस्कृति के लिए बहुत बड़ा दिन है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देश के सांस्कृतिक पुनरुत्थान के संकल्प को आज यह शब्द संग्रहालय साकार कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश या प्रदेश की संस्कृति की अभिव्यक्ति भाषा के बिना संभव नहीं हो सकती और भाव से उत्पन्न शब्दों के बिना भाषा बन ही नहीं सकती। उन्होंने कहा कि जब तक हमारी आने वाली पीढ़ियां यह नहीं जानेंगे कि भाषा शब्दों से बनती है, शब्द भाव से उत्पन्न होते हैं, भाषा से संस्कृति बनती है और संस्कृति की अभिव्यक्ति होती है, तब तक इस देश का सांस्कृतिक पुनरुत्थान नहीं हो सकता। केन्द्रीय गृह मंत्री ने विश्वास जताया कि यह ‘शब्द संग्रहालय’ देश की भाषाओं, संस्कृति और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की यात्रा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम बनेगा।

शब्द संग्रहालय में दिखेगी भाषा की पूरी यात्रा

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि शब्द संग्रहालय में पाणिनि के व्याकरण की रचना के पूरे चरित्र को बहुत अच्छे ढंग से दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि ऋग्वेद में कहा गया है — सभी दिशाओं से हमारे पास कल्याणकारी और शुभ विचार आते रहें, जो किसी से दबे नहीं, जिन्हें कोई बाधित न कर सके और हम उन विचारों के आधार पर अपने सामाजिक जीवन को आगे ले जाएं। उन्होंने कहा कि हमारे यहां कोई संकुचितभाव उत्पन्न नहीं हो सकता, क्योंकि हमारे विचारों की पद्धति में ही संकुचन नहीं है। श्री शाह ने कहा कि जब हम भूमि पूजन करते हैं, शांति मंत्र का उच्चारण करते हैं, तो पशुओं, वनस्पतियों और समस्त ब्रह्मांड में शांति की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि संकुचितता भारतीय संस्कृति का प्रतीक कभी नहीं बन सकती।

अमित शाह ने कहा कि शब्द संग्रहालय हमारी भाषाओं और संस्कृति को चिरकाल तक हमारी आने वाली पीढ़ियों को शिक्षित करेगा, संस्कृति का परिचय कराएगा और उन्हें जीने का रास्ता भी सिखाएगा। उन्होंने कहा कि हमने कभी विचारों पर पहरा नहीं लगाया। उन्होंने कहा कि ॐकार से लेकर शब्द की रचना और व्याकरण की रचना से लेकर श्रुति-स्मृति तथा पांडुलिपियों और शिलालेखों से लेकर प्रिंटिंग मशीन तक — यह पूरा म्यूजियम शब्द की यात्रा को वर्णित करता है। गृह मंत्री ने कहा कि शब्द संग्रहालय को डिजिटल और AI तक विस्तारित कर भारतीय भाषाओं को भविष्य की तकनीकों के अनुरूप विकसित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमने कभी नवाचार से परहेज नहीं किया और हर शुभ को स्वीकार किया, इसीलिए अनेक आघातों के बावजूद हमारी सांस्कृतिक यात्रा हिमालय की तरह अटल खड़ी है। उन्होंने कहा कि शब्द संग्रहालय भारत की बहुभाषी चेतना, ज्ञान परंपरा और जनस्मृति को दृश्य, श्रव्य और अनुभवात्मक रूप में संरक्षित करने का अभिनव प्रयास है।

शब्द संग्रहालय में दिखेगी भारत की भाषाई धरोहर

अमित शाह ने कहा कि बंगाल में अनेक प्रकार के संग्रहालय हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि शब्द संग्रहालय बहुत कम समय के अंदर अपना स्थान मजबूत बना लेगा। यहां आने वाले शब्द के साधक निश्चित रूप से कुछ न कुछ प्राप्त कर कर जाएंगे। उन्होंने कहा कि शब्द और शब्द विज्ञान का परिचय आने वाली पीढ़ी को कराना बहुत महीन और कठिन काम था, मगर संस्कृति मंत्रालय ने यह कर दिखाया है। अमित शाह ने कहा कि शब्दों को कोई बांध नहीं सकता, मगर शब्द के विज्ञान को इस संग्रहालय ने बांध दिया है। शब्द को सुना जा सकता है, बोला जा सकता है, जिया जा सकता है और अगली पीढ़ी को दिया भी जा सकता है। यह अगली पीढ़ी को देने का काम शब्द संग्रहालय करेगा। उन्होंने कहा कि संस्कृति मंत्रालय ने शब्द संग्रहालय के जरिए अदृश्य विरासत को दृश्य, श्रव्य, स्पर्शनीय और अनुभवात्मक बनाने का कामकिया है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि संग्रहालय में जब कहा जाता है कि विश्व में सबसे पहला शब्द कौन सा बोला गया होगा और जब ओंकार सामने आता है तो हमें भी लगता है कि ओंकार ही विश्व का सबसे पहला शब्द होगा। उन्होंने कहा कि मां की लोरियां जब हम अपनी भाषा में सुनते हैं तो वो हमें अपनी मां की याद दिला देती हैं। उन्होंने कहा कि संग्रहालय में कई प्रकार की कलाकृतियां और पांडुलिपियों को रखा गया है, वो स्पर्शनीय और अनुभवात्मक हैं। उन्होंने कहा कि संग्रहालय में देश की कई बोलियों, भाषाओंऔर हर प्रांत की लोक संस्कृति को संजोकर शब्दों के माध्यम से हमारी सांस्कृतिक यात्रा का वर्णन किया गया है। कई शिलालेख, ताम्रपत्र, भोजपत्र, पांडुलिपि हैं और कई मुद्रित पुस्तकें भी हैं। उन्होंने कहा कि हमें डिजिटल टेक्स्ट, ध्वनि अभिलेख के बाद अब एआई तक की यात्रा पूरी करनी है।

मातृभाषा को अपनाने की अपील: अमित शाह

अमित शाह ने कहा कि संग्रहालय की हर गैलरी को बहुत वैज्ञानिक तरीके से सृजित किया गया है। ओरिएंटेशन स्पेस में भाषा की उत्पत्ति से शुरुआत की गई है। मिथकों, लोरियों, संवेदनात्मक अनुभवों के माध्यम से भाषा के विकास को समझाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि मातृभाषा के प्रति हर व्यक्ति का लगाव होता है। मातृभाषा के प्रति लगाव को हमें अपने चरित्र का हिस्सा बनाना चाहिए। अमित शाह ने कहा कि भाषा विज्ञान सहजता से विकसित हुआ विज्ञान है। भाषा वैज्ञानिक जरूर है, मगर वो जरूरत के आधार पर विकसित हुई है। बहुत सहजता से भाषाएं विकसित गई हैं, इसीलिए समाज में स्वीकृत हैं।

अमित शाह ने कहा कि हमारे देश की हर भाषा को जीवित रखने के लिए कई महापुरुषों, कवियों और लेखकों ने अपना योगदान दिया है। उनके प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए संग्रहालय में गैलरी बनाई गई है। गृह मंत्री ने कहा कि इस देश का भविष्य इस बात पर निर्भर नहीं करता कि इस देश की कॉलेज-यूनिवर्सिटी में कितनी भीड़ है। इस देश का भविष्य इस बात पर निर्भर करता है कि इस देश की लाइब्रेरी में कितने युवा और किशोर जाते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने व्यक्तित्व को गढ़ने में पुस्तकालय का उपयोग करें।

बंगाल फिर बनेगा भारतीय चेतना का केंद्र: अमित शाह

अमित शाह ने कहा कि बंगाल समग्र भारतीय चेतना का एक वैश्विक प्रकाश स्तंभ रहा है। एक लंबा कालखंड आया जब हमारी भारतीय सांस्कृतिक चेतना को बंगाल से विमुक्त करने का प्रयास किया गया। संकुचित और विदेशी विचारधाराओं ने बंगाल की देश और दुनिया में योगदान करने की क्षमता को क्षीण कर दिया। उन्होंने कहा कि बंगाल में महर्षि अरविंद, विवेकानंद और रामकृष्ण परमहंस जन्मे थे और यहीं चैतन्य महाप्रभु हुए। बंगाल ने ही सबसे अच्छे वैज्ञानिक, साहित्यकार, सबसे बड़े क्रांतिकारी सुभाष चंद्र बोस देने का काम किया। बंगाल हमेशा देश से पांच दशक आगे रहकर देश का मार्गदर्शन करता था। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय चेतना का बौद्धिक प्रकाश स्तंभ एक बार फिर अपनी पूरी शक्ति के साथ पूरे विश्व की चेतना को जगाने का काम करेगा।

अमित शाह ने युवा पीढ़ी से कहा कि वे शब्द और भाषा को समझें, उच्चारणों को शुद्ध करें और व्याकरण को आत्मसात करअपनी अभिव्यक्ति को प्रभावशाली बनाएं। यह समाज में युवाओं की स्वीकृति अनेक गुना बढ़ा देगी। आज पूरा देश वंदे मातरम का 150वां वर्ष मना रहा है और ऐसे समय में इस शब्द संग्रहालय का उद्घाटन हो रहा है। मंच पर खड़े रहकर जब वंदे मातरम का पूरा गान सुनते हैं तब हमें मालूम पड़ता है कि भारत माता के प्रति हमारा भाव क्या होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इतने बड़े बोध से आजादी के 76-77 साल तक देश अनजान रह गया। हर्ष का विषय है कि आज हर स्कूल में वंदे मातरम पूरा गाया जाता है। उन्होंने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने ही कोलकाता विश्वविद्यालय में कवि गुरु टैगोर से बांग्ला भाषा में दीक्षांत संबोधन कराया था। यह अंग्रेजी शासन के समय पूरे भारत की यूनिवर्सिटी में पहली बार हुआ था। उन्होंने कहा कि आज बंगाल फिर से ‘सोनार बांग्ला’ बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

मातृभाषा और AI पर अमित शाह के 5 सूत्र

अमित शाह ने कहा कि मनुष्य समझता है कि भाषा को उसने बनाया है, लेकिन वह मानते हैं कि भाषा ने मनुष्य को बनाया है। वह मनुष्य तब होता है जब भाव जागृत होता है और भाषा ही भाव को जागृत करती है। भाषा का मूल शब्द और अपनी भाषा के शब्द हैं। शब्द संग्रहालय इन्हें आगे बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि भाषा के लिए पाँच सूत्र बहुत महत्वपूर्ण हैं। इनमें – परिवार की भाषा ही पहली पाठशाला बने, मां की भाषा में ही बच्चे की पढ़ाई हो, विद्यालय और विश्वविद्यालय मौलिक चिंतन का केंद्र बनें, तभी हम सृजन में अपना योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि मौलिक चिंतन की शुरुआत विश्वविद्यालयों को करनी चाहिए। हर भारतीय भाषा को डिजिटल और एआई सक्षम बनाकर उन्हें 1000 साल की अतिरिक्त आयु देने का प्रयास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय और संग्रहालय सिर्फ भवन में सीमित न हों, उनके अंदर की भावनाएं युवाओं और किशोरों तक पहुंचे, इसके लिए अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि हर युवा अपनी मातृभाषा के साथ-साथ एक अन्य भारतीय भाषा अवश्य सीखे। इससे हम न सिर्फ अपनी मातृभाषा को, बल्कि भारत की सभी भाषाओं को लंबी आयु देने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। श्री शाह ने कहा कि अगर ये पांचों बात आज सरकारें, शिक्षा व्यवस्था और विशेषकर देश की जनता सिखाए तो भाषाओं की सेवा में बड़ा योगदान होगा।

अमित शाह ने कहा कि भारतीय संस्कृति का प्रकाश स्तंभ मानी जाने वाली बंगाल की धरती से हमें संकल्प लेना चाहिए कि हम शब्द से संस्कृति को ताकत देंगे। संस्कृति से हमारा आत्मविश्वास जगाएंगे और आत्मविश्वास से 2047 में ‘विकसित भारत’ बनाकर भारत माता को विश्व गुरु बनाने का अपना स्वप्न पूरा करेंगे। इसकी नींव शब्द संग्रहालय बनेगा।

totaramnews1@gmail.com

totaramnews1@gmail.com http://totaram.news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News

Trending News

Editor's Picks

वर्ण व्यवस्था क्या है? भारतीय दर्शन में ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य और शूद्र की अवधारणा

भारतीय दर्शन में वर्ण व्यवस्था: जन्म नहीं, कर्म और विचारों पर आधारित अवधारणा कामेश। लखनऊ। समाज में वर्ण व्यवस्था सदियों या यूं कह लें कि युगों पुरानी व्यवस्था है। समाज चार वर्णों में बांटा गया था। ये देखते हुए कि कौन व्यक्ति किस तरह के जीवन में अधिक रूचि रखता है। व्यक्ति के सोच विचार...

वीरेंद्र कुमार मिश्र ‘विरही’ का नया हिंदी गीत ‘कुछ अलग लिखता हूं’

कवि वीरेंद्र कुमार मिश्र ‘विरही’ की प्रेरणादायक रचना चांद में दाग सब लिखते,मैं उसकी आग लिखता हूं।विरह में जल रहा सदियों का,वह संभाग लिखता हूं।ताप सूरज की सब लिखते,लिखूं मैं नर्म सांसों को।विनाशों की कथा सबने लिखी,हम लिखते आशों को।बहुत से हंसने वालों के छुपे,मैं दाग लिखता हूं।…… लिखा हर रूप नारी का ,सृजन का...

उत्तर प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने की तैयारी, मुख्यमंत्री उद्यमी मित्र योजना में 25 नए पदों पर भर्ती

मुख्यमंत्री उद्यमी मित्र योजना से मजबूत होगा राज्य का निवेश तंत्र लखनऊ। उत्तर प्रदेश को $1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप ‘इन्वेस्ट यूपी’ राज्य के निवेश पारिस्थितिकी तंत्र को निरंतर सशक्त बना रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री उद्यमी मित्र योजना के तहत 25 अतिरिक्त उद्यमी मित्रों...

Lucknow Fake Medicine Case: FSDA और पुलिस ने नकली दवा कारोबार के अवैध नेटवर्क का किया खुलासा

FSDA की छापेमारी में बड़ा खुलासा लखनऊ। नकली एवं अवैध औषधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लखनऊ और गोंडा में संचालित एक संगठित दवा नेटवर्क का खुलासा किया है। अधिकारियों के अनुसार, 8 और 9 जुलाई 2026 को मुख्यालय से...

काशी विकास को नई दिशा देगा Sustainable Cities Challenge, स्मार्ट मोबिलिटी और क्राउड मैनेजमेंट पर जोर

नवाचार और तकनीक से होगी काशी में बेहतर क्राउड मैनेजमेंट व्यवस्था लखनऊ। काशी के ऐतिहासिक एवं प्राचीन स्वरूप को संरक्षित रखते हुए भीड़ प्रबंधन और सतत शहरी परिवहन (सस्टेनेबल मोबिलिटी) के प्रभावी समाधान विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए होटल क्लार्क में “सस्टेनेबल सिटीज चैलेंज” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के...

TN

TOTARAM News

तोताराम न्यूज़ – सच्ची, सरल और ट्रेंडिंग  खबरों का नया ठिकाना।
यहाँ हर खबर मिलेगी बिना तोड़-मरोड़ के, सीधे जनता की आवाज़ के साथ।.

क्विक लिंक्स

पॉपुलर कैटेगरीज़

अवश्य पढ़ें

©2025– TotaRam.news All Right Reserved.