देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के नदावर पुल के पास बुधवार की सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सलेमपुर उपनगर के हरैया वार्ड नंबर-5 निवासी झब्बर राजभर, पुत्र राजकुमार राजभर के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह कुछ चरवाहे अपने मवेशियों को चराने नदावर घाट गए थे। वहां उन्होंने पेड़ से लटका युवक का शव देखा, जिसके बाद यह खबर तेजी से पूरे इलाके में फैल गई। सूचना मिलते ही सलेमपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक की तबियत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही थी, और संभवतः मानसिक परेशानियों के चलते उसने यह कदम उठाया। मृतक अपने पीछे पत्नी जानकी देवी और चार छोटे बच्चों को छोड़ गया है। परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है और पूरे घर में मातम छाया हुआ है। पुलिस मौत के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
