विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद
देवरिया। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत राजकीय आईटीआई, देवरिया के प्रांगण में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 138 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जिसमें 129 हिंदू एवं 09 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। वैवाहिक समारोह में मुख्य अतिथि विधायक देवरिया सदर शलभ मणि त्रिपाठी ने नवविवाहित जोड़ों को सुखद एवं सफल वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) रामजनम, एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह के प्रतिनिधि राजू मणि, सांसद सलेमपुर के प्रतिनिधि रामप्रकाश यादव, अवनीश मणि, अमित वर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता, निशिकांत दीक्षित, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष एवं भाजपा नेता बरहज, राजेश सिंह, जिलाध्यक्ष क्षत्रिय महासभा देवरिया, रमिता जायसवाल, समाजसेवी सहित संबंधित खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा शहर के अनेक लोगों ने भी समारोह में सहभागिता की और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की।

योजना के अंतर्गत सभी वर्गों के ऐसे पात्र परिवारों की पुत्रियों का विवाह कराया जाता है, जिनकी वार्षिक आय तीन लाख रुपये तक है। प्रत्येक जोड़े के विवाह पर कुल एक लाख रुपये व्यय किए जाते हैं। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में अंतरित किए जाते हैं, जबकि 21 हजार रुपये की गृहस्थी की सामग्री नवविवाहित कन्या को प्रदान की जाती है। शेष 15 हजार रुपये विवाह समारोह के आयोजन पर व्यय किए जाते हैं।
