/ Oct 19, 2026

TN

TotaRam News

What's Hot

यूपी दौरे पर आएगा 240 सदस्यीय जापानी प्रतिनिधिमंडल, आगरा-लखनऊ-वाराणसी में देखेगा उत्तर प्रदेश की संस्कृति

Table of Content

ब्रज की परंपरा से काशी की गंगा आरती तक…जापानी मेहमानों के लिए यूपी ने तैयार की खास यात्रा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश और जापान के बीच सांस्कृतिक एवं पर्यटन संबंधों को नई मजबूती मिलने जा रही है। नई दिल्ली में आयोजित ‘यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट-2026’ के बाद जापान के यामानाशी प्रीफेक्चर के गवर्नर कोटारो नागासाकी के नेतृत्व में 240 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 20 अगस्त को उत्तर प्रदेश के चार दिवसीय दौरे पर पहुंचेगा। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने जापानी प्रतिनिधियों के लिए ऐसा विशेष भ्रमण कार्यक्रम तैयार किया है, जिसमें ऐतिहासिक स्मारकों के साथ प्रदेश की जीवंत संस्कृति, ब्रज परंपरा, बौद्ध विरासत, आध्यात्मिकता, खान-पान और वेलनेस पर्यटन का अनुभव कराया जाएगा। आगरा, लखनऊ और वाराणसी की यात्रा के दौरान यह दल प्रदेश की विविध सांस्कृतिक पहचान से रूबरू होगा और दोनों क्षेत्रों के बीच पर्यटन एवं सांस्कृतिक सहयोग की नई संभावनाओं पर चर्चा करेगा।

ताजमहल से शुरू होगा यूपी का सफर

जापानी प्रतिनिधिमंडल 20 अगस्त को आगरा पहुंचेगा, जहां जापानी मेहमानों का ब्रज की पारंपरिक संस्कृति और लोक परंपराओं के साथ स्वागत किया जाएगा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करेंगे। इसके बाद दल ताजमहल का भ्रमण कर लखनऊ के लिए रवाना होगा। इस दौरान जापानी मेहमानों को प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत के साथ उसकी जीवंत सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित कराया जाएगा।

21 अगस्त को लखनऊ में पर्यटन सहयोग पर मंथन

लखनऊ में 21 अगस्त को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह जापानी प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करेंगे। इस दौरान उत्तर प्रदेश की बौद्ध पर्यटन क्षमता और जापान के साथ पर्यटन सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा होगी। दोनों पक्ष बौद्ध पर्यटन के अलावा वेलनेस, मेडिटेशन, अनुभव आधारित पर्यटन, खान-पान, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के बीच सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर विचार करेंगे। यामानाशी और उत्तर प्रदेश के बीच पहले हुई चर्चाओं में भी पारंपरिक पर्यटन से आगे बढ़कर ऐसे अनुभव विकसित करने पर जोर दिया गया था।

UNESCO मान्यता से बढ़ी संभावनाएं

उत्तर प्रदेश में भगवान बुद्ध के जीवन और उनके उपदेशों से जुड़े कई महत्वपूर्ण स्थल हैं। सारनाथ, कुशीनगर, श्रावस्ती, कपिलवस्तु, कौशांबी और संकिसा जैसे प्रमुख बौद्ध स्थलों पर पर्यटन सुविधाओं, कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है। हाल ही में सारनाथ को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किए जाने से प्रदेश के बौद्ध पर्यटन को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। माना जा रहा है कि इससे जापान जैसे बौद्ध देशों से पर्यटकों को आकर्षित करने और इन स्थलों को एक समग्र बौद्ध पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने की संभावनाएं और मजबूत होंगी।

इस पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि, उत्तर प्रदेश और जापान बुद्ध संस्कृति, सभ्यता और विरासत साझा करते हैं, लेकिन पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं इससे कहीं अधिक व्यापक हैं। उन्होंने बताया कि काशी की आध्यात्मिकता, ब्रज की परंपराएं, प्रदेश का खान-पान, वेलनेस और जीवंत संस्कृति जापानी पर्यटकों को विशेष अनुभव दे सकती हैं। यह यात्रा दोनों क्षेत्रों के बीच सांस्कृतिक परिचय को मजबूत करने के साथ लोगों के बीच संपर्क और पर्यटन आवागमन बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने बताया दोनों पक्ष खेल पर्यटन, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान और नए अनुभव आधारित पर्यटन प्रारूपों पर भी आगे काम कर सकते हैं।

उत्तर प्रदेश और जापान के बीच पर्यटन सहयोग में खान-पान और वेलनेस को भी महत्वपूर्ण क्षेत्र के रूप में देखा जा रहा है। लखनऊ को यूनेस्को क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी की मान्यता मिलने के बाद यहां की संस्कृति को पर्यटन से जोड़ने की संभावनाएं और बढ़ी हैं। यह प्रतिनिधिमंडल 22 अगस्त को लखनऊ से वाराणसी के लिए रवाना होगा। वाराणसी में जापानी मेहमान सारनाथ का भ्रमण करेंगे और गंगा के घाटों पर गंगा आरती का अनुभव लेंगे। इस तरह यात्रा में बौद्ध विरासत के साथ काशी की जीवंत आध्यात्मिक परंपरा का भी समावेश होगा।

जुलाई में लखनऊ में जापानी प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई तैयारी बैठक में भी मंत्री जयवीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि जापानी मेहमानों को केवल पारंपरिक पर्यटन स्थलों का भ्रमण न कराया जाए, बल्कि उन्हें उत्तर प्रदेश की संस्कृति, परंपराओं और आतिथ्य का वास्तविक अनुभव कराया जाए। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने बताया पर्यटन संबंध तब मजबूत होते हैं, जब पर्यटक अपने साथ किसी स्थान का अनुभव लेकर लौटते हैं। जापानी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य प्रदेश की विविधता, गर्मजोशी और सांस्कृतिक गहराई को समझकर लौटें और आगे अधिक जापानी पर्यटकों को उत्तर प्रदेश से जोड़ने में सेतु की भूमिका निभाएं, यही इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य है।

23 अगस्त को होगी वाराणसी से विदाई

240 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में यामानाशी प्रीफेक्चर के सरकारी प्रतिनिधियों के साथ कारोबारी, शिक्षाविद और युवा भी शामिल हैं। 20 से 23 अगस्त तक चलने वाली यह यात्रा दोनों क्षेत्रों के बीच पर्यटन, संस्कृति और लोगों के बीच संपर्क को नई दिशा देने की महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। चार दिवसीय कार्यक्रम के दौरान आगरा की विरासत, लखनऊ की संस्कृति और खान-पान, प्रदेश की बौद्ध धरोहर तथा वाराणसी की आध्यात्मिक परंपरा को एक साथ प्रस्तुत किया जाएगा। 23 अगस्त को वाराणसी से प्रतिनिधिमंडल की यूपी यात्रा समाप्त होगी। यह दौरा जापान और उत्तर प्रदेश के बीच बौद्ध पर्यटन के साथ-साथ वेलनेस, संस्कृति, खान-पान और अनुभव आधारित पर्यटन के नए रास्ते खोलेगा।

totaramnews1@gmail.com

totaramnews1@gmail.com http://totaram.news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News

Trending News

Editor's Picks

मुंबई में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग, अभिनेता सुरक्षित; ड्राइवर घायल

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से सामने आए दावे की भी हो रही पड़ताल मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में गोलीबारी की घटना सामने आई। घटना के दौरान अभिनेता सुरक्षित रहे, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की खबर है। पुलिस ने...

लखनऊ में मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का निरीक्षण, फैजुल्लागंज और बरावन कला के स्वास्थ्य केंद्रों में व्यवस्थाएं परखीं

स्वास्थ्य महानिदेशक ने उपचार, टीकाकरण और रोग नियंत्रण के दिए निर्देश लखनऊ। महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉ. पवन कुमार अरुण ने निदेशक उपचार डॉ.एस के चौधरी,निदेशक विद्युत रवि कुमार तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. बी. सिंह के साथ रविवार को नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फैजुल्लागंज और बरावन कला का भ्रमण कर मुख्यमंत्री आरोग्य मेले...

लोकायन 2026 – भारतीय नौसेना का जहाज सुदर्शिनी ओमान के सलालाह से रवाना हुआ

14 से 17 अक्टूबर तक सलालाह में रहा भारतीय नौसेना का पाल प्रशिक्षण पोत डेस्क। भारतीय नौसेना का तीन मस्तूलों वाला पाल प्रशिक्षण पोत आईएनएस सुदर्शिनी 14-17 अक्टूबर 2026 के दौरान ओमान के सलालाह में अपनी यात्रा पूरी करने के बाद वहाँ से रवाना हुआ। इसके साथ ही उसने अपनी ऐतिहासिक महासागरीय तैनाती, लोकायन-2026, को...

उच्च शिक्षा मंत्री ने अलीगढ़ में प्रस्तावित ‘सांई ग्लोबल विश्वविद्यालय’ की स्थापना हेतु सौंपा आशय-पत्र

अलीगढ़ व आसपास के युवाओं को मिलेंगे उच्च व व्यावसायिक शिक्षा के बेहतर अवसर लखनऊ। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने शनिवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर प्रायोजक संस्था ‘ॐ श्री सांई शिक्षा समिति, अलीगढ़’ के प्रतिनिधियों को निजी क्षेत्र में प्रस्तावित ‘सांई ग्लोबल विश्वविद्यालय, अलीगढ़’ की स्थापना हेतु औपचारिक आशय-पत्र...

यूपी में खाद्य पदार्थों में कृत्रिम रंगों पर सख्ती, मिठाई-चटनी में रोडामाइन-बी के इस्तेमाल पर रोक

रंगों के नियम तोड़ने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत हो सकती है कार्रवाई लखनऊ। मिठाइयों, स्नैक्स, मोमोज, चटनी, बेकरी उत्पादों और अन्य खाद्य पदार्थों को आकर्षक रंग देने के लिए रासायनिक रंगों के मनमाने इस्तेमाल पर रोक लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए), उत्तर प्रदेश ने खाद्य कारोबारियों...

TN

TOTARAM News

तोताराम न्यूज़ – सच्ची, सरल और ट्रेंडिंग  खबरों का नया ठिकाना।
यहाँ हर खबर मिलेगी बिना तोड़-मरोड़ के, सीधे जनता की आवाज़ के साथ।.

क्विक लिंक्स

पॉपुलर कैटेगरीज़

अवश्य पढ़ें

©2025– TotaRam.news All Right Reserved.