दिवंगतों के परिजनों के प्रति जताई संवेदना, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद बलरामपुर एवं ग्वालियर में हुए सड़क हादसों तथा कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की दुःखद घटना में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि इन दुःखद घटनाओं में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगतों के शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में वह दुःख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।
उप मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा एवं बाबा महाकाल से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें, घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करें।
