अलीगढ़ व आसपास के युवाओं को मिलेंगे उच्च व व्यावसायिक शिक्षा के बेहतर अवसर
लखनऊ। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने शनिवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर प्रायोजक संस्था ‘ॐ श्री सांई शिक्षा समिति, अलीगढ़’ के प्रतिनिधियों को निजी क्षेत्र में प्रस्तावित ‘सांई ग्लोबल विश्वविद्यालय, अलीगढ़’ की स्थापना हेतु औपचारिक आशय-पत्र (Letter of Intent – LOI) प्रदान किया। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा ‘उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2019’ की धारा-6 के प्राविधानों के अंतर्गत सक्षम प्राधिकारी के अनुमोदन के उपरांत यह आशय-पत्र विधिवत निर्गत किया गया है।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को उनके गृह क्षेत्र के निकट ही विश्वस्तरीय, रोजगारपरक और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार निजी क्षेत्र के निवेश को पारदर्शी और सुगम बना रही है, ताकि प्रदेश में उच्च शिक्षा का एक उत्कृष्ट पारिस्थितिकी तंत्र तैयार हो सके। उन्होंने प्रायोजक निकाय को तय समय-सीमा के भीतर सभी निर्धारित मानकों को पूर्ण करते हुए शैक्षणिक गतिविधियों को प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
जारी आशय-पत्र के अनुसार प्रायोजक संस्था ‘ॐ श्री सांई शिक्षा समिति’ को ‘उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2019’ के तहत आगामी दो वर्षों के भीतर अनिवार्य शर्तें पूर्ण कर शासन को अनुपालन आख्या प्रस्तुत करनी होगी। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा अमित घोष उपस्थित रहे।
