UPITS 2026: PAC Band की धुन से शुरुआत, Skill Stage पर अलीम खान एंड ग्रुप का हुनर
ग्रेटर नोएडा / लखनऊ। जब हुनर को मंच मिलता है तो उत्साह खुद-ब-खुद आ जाता है, और यही नजारा सोमवार को UP International Trade Show 2026 में UPSDM के पवेलियन में देखने को मिला। UPITS के चौथे दिन UPSDM का पवेलियन सुबह से ही हुनर, उत्साह और उमंग से गुलजार हो गया।
दिन की शुरुआत जोश और गर्व से भरे माहौल में हुई। पीएसी वाहिनी 32 के जवानों ने बैंड की शानदार प्रस्तुति देकर पूरे एक्सपो मार्ट में देशभक्ति की लहर दौड़ा दी। उनकी एक-एक धुन पर कदम थिरक उठे और इसी जोश ने युवाओं में नई ऊर्जा भर दी। देखते ही देखते युवा खुद मंच की ओर खिंचे चले आए और ‘स्किल मंच’ पर एक के बाद एक शानदार प्रस्तुतियां दीं। युवाओं के इस जुनून को देख UPSSF के अधिकारी भी खुद को रोक नहीं पाए और मंच पर आकर उन्होंने भी अपने हुनर का प्रदर्शन किया।

‘स्किल मंच’ जहां प्रतिभाओं से जगमगा रहा था, वहीं पवेलियन के 16 लाइव स्किल स्टॉलों पर सीखने-सिखाने का दौर भी पूरे दिन चलता रहा। बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और हुनर को करीब से जाना। और जब शाम ढली तो UPSDM का पवेलियन सुरों के रंग में रंग गया। दिल्ली घराने के उस्ताद अलीम खान एंड ग्रुप ने अपनी प्रस्तुति से महफिल लूट ली। उस्ताद अलीम खान और उनके बेटे अरीम खान ने वायलिन पर जब मधुर धुनें छेड़ीं तो पूरा पंडाल झूम उठा, तबले पर समीर खान की थाप ने इस शाम को और भी यादगार बना दिया।
