30 नवम्बर 2026 से वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकेंगे प्रवेश पत्र
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि आयोग के विज्ञापन संख्या 05/2026 के अंतर्गत अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक (सम्बद्ध प्राइमरी) तथा बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत सहायक अध्यापक, शहरी (URBAN) पद की लिखित परीक्षा आगामी 03 दिसम्बर 2026 को प्रदेश के 48 जनपदों में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा दो पालियों— प्रथम पाली पूर्वाह्न 09:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 02:30 बजे से शाम 04:30 बजे तक संपन्न कराई जाएगी।
आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने जानकारी दी कि उक्त विज्ञापन (प्रकाशित तिथि 15 सितम्बर 2026) के अंतर्गत आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के परीक्षा जनपद की अग्रिम सूचना से संबंधित विवरण सोमवार, 23 नवम्बर 2026 से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया गया है। संबंधित अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट https://upessc.up.gov.in के होमपेज पर उपलब्ध लिंक पर जाकर वांछित प्रविष्टियां अंकित करते हुए अपने परीक्षा जनपद की अग्रिम सूचना देख सकते हैं।
वेबसाइट पर जारी किया गया यह विवरण केवल परीक्षा जनपद की अग्रिम सूचना है, इसे परीक्षा का प्रवेश पत्र न समझा जाए। उन्होंने बताया कि इस परीक्षा के प्रवेश पत्र 30 नवम्बर 2026 से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से डाउनलोड किए जा सकेंगे। अभ्यर्थियों को वैध प्रवेश पत्र के बिना परीक्षा में सम्मिलित होने की अनुमति प्रदान नहीं की जाएगी।
