पुलिस स्मृति दिवस-2026 के अवसर पर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु विशेष पहल
लखनऊ। पुलिस स्मृति दिवस-2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा कर्तव्यपालन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से ‘वर्दी’ शीर्षक से एक विशेष लघु फिल्म का निर्माण कर आज उत्तर प्रदेश पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रिलीज़ किया गया।
पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण के मार्गदर्शन में निर्मित इस लघु फिल्म के माध्यम से यूपी एसटीएफ के वीर शहीद निरीक्षक सुनील कुमार, कीर्ति चक्र से सम्मानित, के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को विशेष रूप से रेखांकित किया गया है। फिल्म के जरिए शहीदों के बलिदान के बाद उनके परिवार के जीवन में बने उस मौन और खालीपन को संवेदनशीलता के साथ दिखाया गया है, जहाँ अपने प्रियजन के बलिदान पर परिजनों को गर्व तो है, लेकिन उनकी अनुपस्थिति की पीड़ा भी है। यह फिल्म उन परिवारों के मौन इंतज़ार और गहरे खालीपन को महसूस करने का प्रयास है, जिन्होंने देश के लिए अपने प्रियजन को खोया है।
फिल्मफ़ेयर पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात निर्देशक, लेखक एवं अभिनेता तिग्मांशु धूलिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म में मशहूर बॉलीवुड अभिनेता अमित साध, वरिष्ठ टेलीविज़न अभिनेत्री अलका अमीन और नाज़िश ख़ान ने सशक्त अभिनय किया है। फिल्म का वायस ओवर एवं स्क्रिप्ट यूपी पुलिस के सोशल मीडिया सेंटर में नियुक्त आरक्षी कपिल दिनकर द्वारा किया गया है। फिल्म का क्रिएटिव डायरेक्शन पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के जनसम्पर्क अधिकारी पुलिस अधीक्षक राहुल श्रीवास्तव द्वारा किया गया है। फिल्म का निर्माण सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग उत्तर प्रदेश के सहयोग से करवाया गया है।
मुंबई में शूट की गई इस लघु फिल्म को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस के विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया, ताकि वीर शहीदों के त्याग, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की गाथा जन-जन तक पहुँच सके तथा पुलिस बल के जवानों को राष्ट्रसेवा के प्रति प्रेरणा मिलती रहे।
‘वर्दी’ में तिग्मांशु धूलिया का निर्देशन, अमित साध और अलका अमीन का दमदार अभिनय
तिग्मांशु धूलिया हिंदी सिनेमा में ‘हासिल’, ‘साहेब बीवी और गैंगस्टर’, ‘पान सिंह तोमर’, ‘बुलेट राजा’ और ‘राग देश’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। उनकी निर्देशित फिल्म ‘पान सिंह तोमर’ को 60वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार प्राप्त हुआ था। इसी फिल्म की पटकथा के लिए तिग्मांशु धूलिया और संजय चौहान को फिल्मफ़ेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
फिल्म के प्रमुख अभिनेता अमित साध ने टेलीविजन से अपने करियर की शुरुआत की। उन्होंने ‘काई पो छे!’, ‘सुल्तान’, ‘गोल्ड’, ‘सरकार 3’, ‘गुड्डू रंगीला’, ‘यारा’ और ‘शकुंतला देवी’ जैसी फिल्मों में उल्लेखनीय भूमिकाएँ निभाई हैं। वे वेब सीरीज़ ‘ब्रीद’ और ‘ब्रीद: इन्टू द शैडोज़’ में इंस्पेक्टर कबीर सावंत के किरदार के लिए भी विशेष रूप से पहचाने जाते हैं। ‘ब्रीद: इन्टू द शैडोज़’ के लिए उन्हें वर्ष 2020 में फिल्मफ़ेयर OTT अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ अभिनेत्री अलका अमीन राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) की पूर्व छात्रा हैं और भारतीय सिनेमा एवं टेलीविजन का एक प्रतिष्ठित चेहरा हैं। ‘दम लगा के हईशा’ और ‘बधाई हो’ जैसी फिल्मों तथा अनेक चर्चित धारावाहिकों में अपने संजीदा अभिनय से उन्होंने दर्शकों के बीच विशिष्ट पहचान बनाई है।
उल्लेखनीय है कि 20–21 जनवरी, 2025 की मध्यरात्रि को जनपद शामली में मुकीम काला गैंग के बदमाशों के साथ हुई साहसिक मुठभेड़ में उत्तर प्रदेश एसटीएफ के निरीक्षक सुनील कुमार गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अदम्य साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए उन्होंने घायल अवस्था में भी एसटीएफ टीम का नेतृत्व जारी रखा। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश अरशद सहित कुल चार बदमाश मारे गए थे। मुठभेड़ में लगी गोलियों के कारण निरीक्षक सुनील कुमार 22 जनवरी, 2025 को वीरगति को प्राप्त हुए।
उत्तर प्रदेश पुलिस सभी अमर बलिदानियों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को शत्-शत् नमन करती है।
