लखनऊ में संचारी रोग नियंत्रण अभियान तेज
लखनऊ। वर्षा ऋतु में संचारी एवं वेक्टर जनित रोगों के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने राजधानी लखनऊ में जागरूकता और बचाव अभियान तेज कर दिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, लखनऊ के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फैजुल्लागंज क्षेत्र के पुराना दाऊदनगर में घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
अधीक्षक डॉ. हेमंत कुमार, शालिनी स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज तथा डॉ. आसमा, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फैजुल्लागंज की टीम ने क्षेत्र के करीब 80 घरों का भ्रमण किया। इस दौरान लोगों को क्लोरीन की गोलियां और ओआरएस (ORS) पैकेट वितरित किए गए। स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों को मौसमी एवं संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी।

मोबाइल मेडिकल यूनिट ने 72 लोगों को दी स्वास्थ्य सुविधा
अभियान के दौरान क्षेत्र में संचालित मेडिकल मोबाइल यूनिट वाहन के माध्यम से 72 लोगों को चिकित्सा सुविधा का लाभ पहुंचाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को बुखार सहित मौसमी बीमारियों के लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सक से परामर्श लेने की सलाह दी।
मच्छरों की ब्रीडिंग रोकने के लिए सावधानी जरूरी
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घर और आसपास मच्छरों की ब्रीडिंग रोकने के लिए पानी जमा न होने देने की अपील की। पानी से भरे बर्तनों और टंकियों को ढककर रखने तथा कूलर का पानी प्रत्येक सप्ताह खाली कर उसे साफ कपड़े से पोछकर सुखाने के बाद ही दोबारा इस्तेमाल करने की सलाह दी गई।

इसके अलावा वाटर टैंक और अन्य कंटेनरों को ढककर रखने, पुराने टायर, कबाड़, नारियल के खोल तथा अनुपयोगी कंटेनरों में पानी जमा न होने देने को कहा गया। बर्ड बाथ और फूलदान का पानी भी प्रत्येक सप्ताह बदलने की सलाह दी गई।
मच्छरों से बचाव के लिए अपनाएं ये उपाय
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करने और पूरी बांह के कपड़े पहनने की सलाह दी। मच्छररोधी क्रीम का प्रयोग करने तथा दिन के समय भी मच्छरों के काटने से बचने के लिए शरीर को पूरी तरह ढकने वाले कपड़े पहनने की अपील की गई। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि बुखार होने पर स्वयं से दवा न लें, बल्कि चिकित्सक की सलाह के बाद ही दवा का सेवन करें।
घर के आसपास कबाड़ और पानी जमा न होने दें
लोगों से अपील की गई कि कूलर, बाल्टी, बैरल, फूलदान, बर्ड बाथ, फ्रिज, टायर और अन्य स्थानों पर पानी जमा न होने दें। टूटे बर्तन, अनुपयोगी बोतल, टिन, पुराने टायर और कबाड़ को घर में या आसपास जमा न करें और उनका उचित निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि मच्छरों की ब्रीडिंग न हो सके।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से संचारी एवं वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम में सहयोग करने की अपील की है। मौसमी बीमारियों से संबंधित जानकारी, सहयोग एवं सहायता के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, लखनऊ के कंट्रोल रूम नंबर 0522-2622080 पर संपर्क किया जा सकता है।
