एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट को दी मंजूरी
लखनऊ। सी0जी0 सिटी में इकाना स्टेडियम के पास नौटिका ग्रीन्स अपार्टमेंट बनेगा। इसमें लगभग 2100 वर्गफिट क्षेत्रफल के 500 प्रीमियम फ्लैट्स और 20 पेंट हाउस होंगे। सोसाइटी में जिम, स्वीमिंग पूल, पार्क, क्लब हाउस, किड्स प्ले-एरिया, पावर बैकअप, 500 से अधिक वाहनों की पार्किंग आदि की सुविधा होगी। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने इस ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है।
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि पहले जी-20 रोड पर राप्ती अपार्टमेंट के पास नर्मदा अपार्टमेंट बनाया जाना था, जिसमें 300 फ्लैट्स व 12 पेंट हाउस का निर्माण प्रस्तावित था। इसमें ऑनलाइन पंजीकरण व लॉटरी के माध्यम से फ्लैटों का आवंटन भी किया गया था। लेकिन, न्यायालय में वाद योजित होने के कारण परियोजना लंबित हो रही थी। इसके समाधान के लिए सचिव की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गयी थी। समिति की रिपोर्ट के आधार पर ग्रुप हाउसिंग के निर्माण के लिए नये स्थल का चयन किया गया है। इसके अंतर्गत अब सी0जी0 सिटी में नौटिका ग्रीन्स नाम से अपार्टमेंट बनाया जाएगा।
लोकेशन व कनेक्टिविटी होगी खास
नौटिका ग्रीन्स की लोकेशन बेहद प्राइम होगी। यह अपार्टमेंट इकाना क्रिकेट स्टेडियम एवं पलासियो मॉल के बीच निर्मित 45 मीटर चौड़ी सड़क के कॉर्नर प्लॉट पर निर्मित किया जाएगा। जहां से सी0जी0 सिटी अर्बन वेटलैंड, नौसेना शौर्य वाटिका व हारमोनी पार्क की दूरी महज चंद कदमों की होगी। वहीं, संस्कृति स्कूल, सी0एस0आई0 टावर, एच0सी0एल0, पुलिस मुख्यालय जैसे प्रमुख लैंडमार्क निकट होंगे। कनेक्टिविटी की बात करें तो शहीद पथ व सुलतानपुर रोड से सीधे पहुंच होगी।
05 एकड़ के भूखण्ड मेें आकार लेगी परियोजना
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि लगभग 05 एकड़ क्षेत्रफल के भूखण्ड पर बनने वाले इस अपार्टमेंट में कुल 05 टावर होंगे। 28 फ्लोर के इन टावरों में 500 फ्लैट्स व 20 पेंट हाउस बनाये जाएंगे। फ्लैट 03 बीएचके एवं स्टडी श्रेणी के होंगे, जिनका क्षेत्रफल लगभग 2100 वर्गफिट होगा। इसके अलावा 20 पेंट हाउस बनाये जाएंगे, जोकि लगभग 4,000 वर्गफिट क्षेत्रफल में होंगे। परियोजना में लगभग 3.5 हजार वर्गमीटर का पार्क होगा।
नर्मदा के आवंटियों का होगा समायोजन
नर्मदा अपार्टमेंट के आवंटियों को नौटिका ग्रीन्स अपार्टमेंट में समायोजित किया जाएगा। इसके लिए उन्हें किसी तरह का अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। वहीं, जो आवंटी इसमें फ्लैट नहीं लेना चाहेंगे, उन्हें नियमानुसार ब्याज समेत धनराशि वापस कर दी जाएगी। उपाध्यक्ष ने बताया कि सी0जी0 सिटी में चयनित स्थल पर अपार्टमेंट के निर्माण के लिए मंजूरी दे दी गयी है। नियमानुसार रेरा पंजीकरण कराने के बाद फ्लैटों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण खोला जाएगा।
