लखनऊ। यूपी कॉडर के 2023 बैच के आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही ने अपना तकनीकी त्यागपत्र वापस ले लिया है। काम न मिलने से नाराज रिंकू सिंह राही ने अपने तकनीकी त्यागपत्र में खुद को समाज कल्याण अधिकारी के पद पर वापस भेजे जाने की मांग भी की थी। वे अभी राजस्व परिषद से संबद्ध चल रहे हैं।
हालांकि, इस बारे में आधिकारिक रूप से कोई कुछ बोलने के लिए तैयार नहीं है। रिंकू सिंह ने भी इस बारे में कुछ कहने से इन्कार किया है। रिंकू सिंह राही ने 26 मार्च 2026 को राष्ट्रपति समेत यूपी के नियुक्ति विभाग और केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय (डीओपीटी) को तकनीकी इस्तीफा भेजा था। उन्होंने इस पत्र में कहा था कि सांविधानिक व्यवस्था के समानांतर एक अलग सिस्टम चल रहा है। उनका यह पत्र 30 मार्च को वायरल हुआ था। शासन के सूत्रों का कहना है कि अब रिंकू सिंह राही ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है। उनका इस्तीफा वापस लिया जाना इतना गोपनीय रखा गया कि किसी को कानों-कान तक भनक नहीं लगी। बताया जा रहा है कि उनका मामला उच्चस्तर पर है। इस पर जल्द ही फैसला ले लिया जाएगा। उच्चस्तर से अनुमति मिलने के बाद रिंकू सिंह के मामले में आदेश जारी किया जाएगा।
