साहित्य और मनोरंजन से सजेगा महोत्सव
लखनऊ। गोमती पुस्तक महोत्सव 2026 में मंगलवार, 15 सितंबर का दिन बच्चों के लिए खास और प्रेरणादायी होगा। महोत्सव में अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला स्कूली बच्चों से संवाद करेंगे। इसके साथ ही साहित्यिक संवाद, बाल साहित्य, वन एवं वन्यजीवन संरक्षण और हास्य-व्यंग्य से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक | धरती से अंतरिक्ष तक: सपनों की उड़ान
दिन की शुरुआत बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम “धरती से अंतरिक्ष तक: सपनों की उड़ान” से होगी। इसमें ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और उन्हें अंतरिक्ष यात्रा तथा अपने अनुभवों से रूबरू कराएंगे। बच्चों को अंतरिक्ष की रोमांचक दुनिया के बारे में जानने और उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।
चिल्ड्रन कॉर्नर में इसी दौरान बच्चों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कक्षा 6 से 12 के विद्यार्थियों के लिए ‘राष्ट्रीय ई-पुस्तकालय’ के संचालन में क्विज भी आयोजित की जाएगी।
दोपहर 2:30 से 3:15 बजे तक | शब्दों में बनारस, शब्दों में मोदी
दोपहर में “शब्दों में बनारस, शब्दों में मोदी: अरविंद चतुर्वेदी से संवाद” सत्र आयोजित होगा। इस सत्र में शांतनु गुप्ता के साथ संवाद होगा, जिसमें साहित्य और समकालीन विषयों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।
दोपहर 3:30 से 4:15 बजे तक | साहित्य के कालजयी स्वर
इसके बाद “साहित्य के कालजयी स्वर: आधुनिक बाल कहानियों का लोकार्पण एवं संवाद” कार्यक्रम आयोजित होगा। यह सत्र बाल साहित्य और आधुनिक बाल कहानियों के विविध पक्षों को सामने लाएगा।
शाम 4:30 से 5:15 बजे तक | वनक्षेत्रों के वारिस
शाम को “वनक्षेत्रों के वारिस: दुधवा के जंगल, वन्यजीवन और संरक्षण पर संवाद” आयोजित किया जाएगा। इसमें दुधवा के जंगलों, वन्यजीवन और उनके संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद होगा।
शाम 5 बजे से 6 बजे तक | शंभू शिखर लगाएंगे हंसी का तड़का
शाम 5 से 6 बजे तक प्रसिद्ध हास्य कवि शंभू शिखर अपनी हास्य-व्यंग्यपूर्ण प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। उनकी प्रस्तुति महोत्सव की शाम को हास्य और मनोरंजन से भर देगी। इसके साथ ही मुशायरे की महफिल साहित्य और शायरी के रंग से शाम को और खास बनाएगी।
