डेस्क। गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद तुरंत बड़े पैमाने पर अग्निशमन और बचाव अभियान शुरू किया गया। जानकारी के अनुसार, गौर ग्रीन एवेन्यू सोसायटी की 11वीं मंजिल पर सुबह करीब 8:50 बजे आग लगी। देखते ही देखते आग ने तेजी से फैलकर अन्य फ्लैटों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में वैशाली, साहिबाबाद और नोएडा सहित आसपास के क्षेत्रों से एक दर्जन से अधिक दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।
अधिकारियों ने बताया कि सुबह लगभग 10:30 बजे तक आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था, हालांकि पूरी तरह से आग बुझाने का काम अभी भी जारी है। राहत और बचाव कार्य भी साथ-साथ चलाया गया। इमारत में फंसे कई निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।
