एसपी और विधायक ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से की मुलाकात
संजय मिश्र।
देवरिया। यूपी के देवरिया जिले के भटनी थाना क्षेत्र के नोनापार गांव में मंगलवार देर रात करीब 1:30 बजे एक झोपड़ी में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई।
मृतकों में गृहस्वामी जितेंद्र प्रसाद (32 वर्ष), उसकी तीन साल की मासूम बेटी शनि और परिजन बालकिशन शामिल हैं। जितेंद्र की पत्नी लीला देवी (30) इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

झोपड़ी के भीतर रखा सारा सामान भी जलकर राख हो गया। आग में बकरी, साइकिल सहित लाखों रुपये का घरेलू सामान जलने की बात सामने आई है। दूसरी झोपड़ी में सो रहे परिजनों ने आग देखकर शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना पर अग्निशमन विभाग की टीम भी पहुंची और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक तीन लोगों की जान जा चुकी थी।
एसपी-विधायक मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना पर एसपी अभिजीत आर शंकर समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आग लगने के कारणों की जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र चौरसिया भी नोनापार गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को पट्टे की जमीन और अन्य सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा, सपा नेत्री एवं पूर्व विधायक गजाला लारी ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की।


दुखद ।
Dukhad