दूरबीन से किया सूर्य का प्रत्यक्ष अवलोकन
लखनऊ। बाल दिवस के अवसर पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, उत्तर प्रदेश के अंतर्गत इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला, लखनऊ में विद्यार्थियों के लिए विशेष वैज्ञानिक, शैक्षिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 14 विद्यालयों के लगभग 3500 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और विज्ञान एवं खगोल विज्ञान की दुनिया को करीब से जानने का अवसर प्राप्त किया।

उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में जनभागीदारी बढ़ाने तथा बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से किए जा रहे प्रयासों की कड़ी में आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर विज्ञान को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर प्रदान किया। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में विभाग प्रदेश में वैज्ञानिक चेतना के प्रसार और नई पीढ़ी को विज्ञान से जोड़ने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण प्रातः 8 बजे से आयोजित सूर्य का दूरबीन से प्रत्यक्ष अवलोकन रहा। विशेष सौर दूरबीनों एवं सुरक्षित उपकरणों की सहायता से विद्यार्थियों को सूर्य का अवलोकन कराया गया। इस दौरान बच्चों ने सूर्य की सतह पर दिखाई देने वाले सौर कलंक (सनस्पॉट्स), सौर तंतु (सोलर फिलामेंट्स) और सौर प्रोमिनेंस जैसी घटनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। यू.पी. एमेच्योर एस्ट्रोनॉमर्स क्लब के सदस्यों ने विद्यार्थियों को दूरबीनों के उपयोग, सौर गतिविधियों और विभिन्न खगोलीय घटनाओं की वैज्ञानिक जानकारी दी और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
बच्चों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक अभिरुचि को बढ़ावा देने के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, खगोल विज्ञान प्रश्नोत्तरी तथा दूरबीनों के माध्यम से रात्रिकालीन आकाश दर्शन का भी आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ खगोलीय पिंडों को करीब से देखने और अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने का अवसर मिला।

इस अवसर पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश के निदेशक एवं सचिव रमेश चन्द्र ने कहा कि बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन और जिज्ञासा विकसित करना आज की आवश्यकता है। विज्ञान को केवल पुस्तकों तक सीमित रखने के बजाय विद्यार्थियों को उसके व्यावहारिक और प्रत्यक्ष अनुभव उपलब्ध कराना जरूरी है। इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला द्वारा आयोजित ऐसे कार्यक्रम बच्चों को विज्ञान एवं खगोल विज्ञान से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आज के जिज्ञासु बच्चे ही कल के वैज्ञानिक, शोधकर्ता और नवप्रवर्तक बनेंगे। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को वैज्ञानिक गतिविधियों से जोड़कर उनमें नवाचार, अनुसंधान और वैज्ञानिक सोच की भावना विकसित की जाए।
