/ Nov 23, 2026

TN

TotaRam News

What's Hot

भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष अरुणाचल प्रदेश के नामसाई पहुंचे, गोल्डन पैगोडा में 20 नवंबर तक होंगे दर्शन

Table of Content

14 से 20 नवंबर तक श्रद्धालु कर सकेंगे दर्शन

डेस्क। भगवान शाक्यमुनि बुद्ध के पवित्र अवशेष 14 नवंबर को अरुणाचल प्रदेश के नामसाई पहुँचा, जो राज्य में उनके दर्शन की तीसरी और अंतिम चरण की शुरुआत का प्रतीक है। पवित्र अवशेषों का पारंपरिक विधि-विधान के साथ स्वागत किया गया और पूर्वी अरुणाचल प्रदेश में बौद्ध आस्था एवं विरासत के प्रमुख केंद्रों में से एक गोल्डन पैगोडा(कोंगमु खाम) में उन्हें विधिवत प्रतिष्ठित किया गया।

अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक(सेवानिवृत्त) ने नामसाई के नालुंग हेलीपैड पर पवित्र अवशेषों की अगवानी की। इस अवसर पर उनके साथ उप-मुख्यमंत्री चाउना मीन, राज्य के मंत्रीगण, जन-प्रतिनिधि और धार्मिक नेता उपस्थित थे। पवित्र अवशेषों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के लिए श्रद्धालु और स्थानीय समुदाय के लोग गोल्डन पैगोडा तक जाने वाले निर्धारित मार्ग पर दोनों ओर उपस्थित थे।

स्वागत एवं प्रतिष्ठापन समारोह के पश्चात गोल्डन पैगोडा में पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में उप-मुख्यमंत्री चाउना मीन, अंतरराष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ(आईबीसी) के महानिदेशक राघव प्रसाद भटनागर, बौद्ध संघ के पूज्य भिक्षुगण तथा अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

राज्यपाल ने भगवान बुद्ध की शिक्षाओं की समकालीन प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला

राज्यपाल ने इस प्रदर्शनी को गहन आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि पवित्र अवशेष भगवान बुद्ध के जीवन, ज्ञान प्राप्ति और उनकी शाश्वत शिक्षाओं के प्रतीक हैं। राज्यपाल ने समकालीन चुनौतियों के समाधान में बौद्ध शिक्षाओं की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शांति, करुणा, प्रज्ञा और अहिंसा का संदेश ऐसे समय में विशेष महत्व रखता है, जब मानवता संघर्ष, असहिष्णुता और हिंसा जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है। उन्होंने लोगों से इन मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने और सद्भाव, गरिमा एवं पारस्परिक सम्मान पर आधारित समाज के निर्माण में योगदान देने का आग्रह किया।

राज्यपाल ने संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार, अरुणाचल प्रदेश सरकार, नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय संग्रहालय, अंतरराष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ तथा इस प्रदर्शनी से जुड़े सभी लोगों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के श्रद्धालुओं तक पवित्र अवशेषों को पहुँचाने में उनके योगदान की प्रशंसा की।

गोल्डन पैगोडा में बौद्ध विरासत पर विशेष प्रदर्शनियां

उप-मुख्यमंत्री चाउना मीन ने अरुणाचल प्रदेश की समृद्ध एवं विविधतापूर्ण बौद्ध विरासत पर प्रकाश डाला। उन्होंने ऐसे राज्य में इस प्रदर्शनी के महत्व को रेखांकित किया, जहाँ महायान, वज्रयान और थेरवाद बौद्ध परंपराएँ पीढ़ियों से फल-फूल रही हैं। उन्होंने नामसाई में पवित्र अवशेषों के आगमन को श्रद्धालुओं के लिए प्रार्थना करने और भगवान बुद्ध की शिक्षाओं से पुनः जुड़ने का एक दुर्लभ अवसर बताया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली और अंतरराष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ द्वारा आयोजित दो विशेष प्रदर्शनियों का गोल्डन पैगोडा के ध्यान केंद्र में उद्घाटन किया गया। अंतरराष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ द्वारा आयोजित “पवित्र पिपरहवा की खोज: भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों और उनकी खोज की गाथा” शीर्षक वाली प्रदर्शनी में पिपरहवा के अवशेषों के ऐतिहासिक, पुरातात्विक एवं आध्यात्मिक महत्व को प्रदर्शित किया गया है। इसमें उत्तर प्रदेश के पिपरहवा में हुई पुरातात्विक खोजों और बौद्ध अवशेषों के प्रति श्रद्धा की अक्षुण्ण परंपरा का वर्णन किया गया है।

यह प्रदर्शनी पिपरहवा रत्न संग्रह की यात्रा और एक सदी से अधिक समय बाद वर्ष 2025 में उसकी भारत वापसी को भी दर्शाती है। यह आगंतुकों को भारत की बौद्ध विरासत के संरक्षण एवं सुरक्षा के महत्व को समझने का अवसर प्रदान करती है।

बोमडिला में 35 हजार श्रद्धालुओं ने किए बुद्ध अवशेषों के दर्शन

राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली द्वारा संयोजित “धम्म के संगम: शास्त्रीय विरासत, जीवंत कला और मानवशास्त्रीय परिप्रेक्ष्य” शीर्षक वाली दूसरी प्रदर्शनी में बौद्ध धर्म की समृद्ध कलात्मक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया गया है। इसमें बौद्ध परंपराओं के विकास तथा कला, संस्कृति और समाज पर उनके निरंतर प्रभाव को दर्शाया गया है। ये दोनों प्रदर्शनियां मिलकर पवित्र अवशेषों प्रदर्शनी के आध्यात्मिक अनुभव को और समृद्ध बनाती हैं। यह श्रद्धालुओं, विद्यार्थियों, विद्वानों और आगंतुकों को भगवान बुद्ध के जीवन और उनकी शिक्षाओं, तथा भारत की समृद्ध बौद्ध विरासत के बारे में अपनी समझ को और गहरा करने का अवसर प्रदान करती है।

पश्चिम कामेंग जिले के बोमडिला स्थित थुबचोग गत्सेल लिंग(टीजीएल) मठ— जिसे ‘लोअर गोम्पा’ के नाम से भी जाना जाता है— में छह दिवसीय प्रदर्शनी के सफलतापूर्वक समापन के बाद, पवित्र अवशेष अब नामसाई पहुंच गए हैं। 8 से 13 नवंबर, 2026 तक आयोजित इस प्रदर्शनी में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान 35,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने मठ में पहुंचकर प्रार्थना की, आशीर्वाद प्राप्त किया और पवित्र अवशेषों के दर्शन कर उन्हें नमन किया।

पश्चिम कामेंग जिले और पड़ोसी क्षेत्रों के विभिन्न हिस्सों से आए बौद्ध भिक्षुओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और श्रद्धालुओं ने गहरी आस्था एवं श्रद्धा के साथ सार्वजनिक दर्शन में भाग लिया। जिला प्रशासन ने सार्वजनिक दर्शन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने और विभिन्न क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को प्रदर्शनी में आने का अवसर सुनिश्चित करने के लिए विधानसभा एवं क्षेत्रवार दर्शन की व्यवस्था की।


तवांग और बोमडिला में 66 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बुद्ध अवशेषों के दर्शन

बोमडिला में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पवित्र अवशेषों के गहन आध्यात्मिक महत्व और इस क्षेत्र की बौद्ध परंपराओं की अक्षुण्ण विरासत को दर्शाती है। 13 नवंबर को सार्वजनिक दर्शन संपन्न होने के बाद, 14 नवंबर की सुबह पवित्र अवशेषों को नामसाई की अगली यात्रा के लिए विधिवत समारोह आयोजित कर भावभीनी विदाई दी गई।

अरुणाचल प्रदेश में पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी का शुभारंभ 31 अक्टूबर, 2026 को ऐतिहासिक गादेन नामग्याल ल्हात्से(तवांग मठ) में हुआ। उद्घाटन समारोह में केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, बौद्ध धर्म के पूज्य भिक्षुगण तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

तवांग में यह प्रदर्शनी 7 नवंबर, 2026 तक जारी रहा और 31,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने इसमें भाग लिया। बोमडिला में आयोजित अगली प्रदर्शनी में 35,000 से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने के साथ, दोनों स्थलों पर कुल दर्शनार्थियों की संख्या 66,000 से अधिक हो गई है। 13 वर्षों के अंतराल के बाद पवित्र अवशेषों की अरुणाचल प्रदेश में वापसी ने राज्य भर के बौद्ध समुदायों को भगवान बुद्ध के प्रति श्रद्धा अर्पित करने का एक बहुमूल्य अवसर प्रदान किया है।

नामसाई में 20 नवंबर तक होंगे भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों के दर्शन

इस प्रदर्शनी ने विभिन्न बौद्ध परंपराओं और सांस्कृतिक पृष्ठभूमियों से जुड़े श्रद्धालुओं को एक मंच पर एकत्रित किया है। इसने अरुणाचल प्रदेश के लोगों को भारत की व्यापक बौद्ध विरासत से जोड़ने वाले चिरस्थायी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को भी पुनः पुष्ट किया है। पवित्र अवशेष 14 से 20 नवंबर, 2026 तक सार्वजनिक दर्शन के लिए नामसाई स्थित गोल्डन पैगोडा(कोंगमु खाम) में प्रतिष्ठित रहेंगे।

गोल्डन पैगोडा अरुणाचल प्रदेश में थेरवाद बौद्ध धर्म की आस्था एवं साधना का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। नामसाई में आयोजित यह प्रदर्शनी पूर्वी अरुणाचल प्रदेश और पड़ोसी क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को प्रार्थना करने तथा पवित्र अवशेषों के प्रति श्रद्धा अर्पित करने का अवसर प्रदान करेगी। प्रदर्शनी के समापन के बाद, पवित्र अवशेषों को राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली वापस लाया जाना निर्धारित है।

इस प्रदर्शनी का आयोजन भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा अरुणाचल प्रदेश सरकार, राष्ट्रीय संग्रहालय, नई दिल्ली तथा अंतरराष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ(आईबीसी), नई दिल्ली के सहयोग से किया जा रहा है। यह पहल भारत की बौद्ध विरासत के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के प्रति भारत सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इसका उद्देश्य इस पवित्र विरासत को श्रद्धालुओं के और करीब लाना तथा विभिन्न बौद्ध समुदायों के बीच सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करना है। तवांग, बोमडिला और नामसाई में आयोजित यह प्रदर्शनी अरुणाचल प्रदेश की विविध बौद्ध परंपराओं का उत्सव मनाने के साथ-साथ भगवान बुद्ध के सार्वभौमिक संदेश—शांति, करुणा, ज्ञान, अहिंसा और सद्भाव—को और अधिक मजबूत करती है।

totaramnews1@gmail.com

totaramnews1@gmail.com http://totaram.news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News

Trending News

Editor's Picks

लखनऊ में सजेगा ‘अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव’, 23 से 26 नवंबर तक दिखेगी देश-विदेश की जनजातीय संस्कृति

कजाकिस्तान, जिम्बाब्वे और मालदीव के कलाकार भी आएंगे लखनऊ लखनऊ। जनजातीय संस्कृति, लोककला और परंपराओं की विविधता एक ही मंच पर देखने को मिलेगी। लोकनायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर लखनऊ में 23 से 26 नवंबर तक ‘अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव’ आयोजित किया जा रहा है। गोमती नगर स्थित यूपी दर्शन पार्क...

28 एवं 29 नवंबर को अभियान दिवसों में भी मिलेगा मतदाता सूची में नाम जांचने एवं जुड़वाने का अवसर

प्रदेश के 1.73 लाख बूथों पर आगामी विशेष अभियान दिवसों में भी बीएलओ रहेंगे उपस्थित लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत आज 22 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) आलेख्य मतदाता...

UP Assistant Professor Answer Key 2026 जारी, 29 नवंबर तक उत्तरकुंजी पर आपत्ति का मौका

अभ्यर्थी 22 से 29 नवम्बर की रात्रि 11:59 बजे तक ऑनलाइन लिंक के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं अपनी आपत्तियां लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि आयोग के विज्ञापन संख्या 04/2026 के अंतर्गत सहायक आचार्य (Assistant Professor) चयन परीक्षा की 19 एवं 20 नवम्बर...

मण्डी परिषद में पहली बार ऑनलाइन काउंसलिंग से 119 नवचयनित मण्डी सचिवों को मण्डी आवंटन

प्रदेश की 125 चयनित रिक्त मण्डियों में से वरीयता क्रम के अनुसार मण्डी चुनने का मिला अवसर लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मण्डी परिषद द्वारा प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं तकनीक आधारित व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शनिवार को 119 नवचयनित मण्डी सचिव श्रेणी-3, वर्ग-2 के...

केशव प्रसाद मौर्य ने हरिद्वार में CM योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में दी श्रद्धांजलि

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अर्पित की पुष्पांजलि लखनऊ/ हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने हरिद्वार, उत्तराखंड में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में सम्मिलित होकर उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए। उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित कर दिवंगत पुण्यात्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि...

TN

TOTARAM News

तोताराम न्यूज़ – सच्ची, सरल और ट्रेंडिंग  खबरों का नया ठिकाना।
यहाँ हर खबर मिलेगी बिना तोड़-मरोड़ के, सीधे जनता की आवाज़ के साथ।.

क्विक लिंक्स

पॉपुलर कैटेगरीज़

अवश्य पढ़ें

©2025– TotaRam.news All Right Reserved.