डेस्क। मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। MP Tourism की पर्यटकों से भरी क्रूज नाव तेज आंधी और तूफान के बीच पलटकर डूब गई। शुक्रवार सुबह तक इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग अब भी लापता हैं। जानकारी के अनुसार, क्रूज में 29 यात्री और दो चालक दल के सदस्य सवार थे। अचानक आए तेज तूफान के चलते पानी में ऊंची लहरें उठने लगीं, जिससे नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई।
राहत-बचाव अभियान जारी
घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल और सेना की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचाव दल लगातार लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई आपबीती
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज हवाओं और लहरों के बीच यात्रियों ने चालक दल से नाव किनारे लगाने की गुहार लगाई, लेकिन तूफान के शोर में उनकी आवाज नहीं सुनी जा सकी। कुछ ही पलों में नाव बहाव में आकर पलट गई।
लाइफ जैकेट ने बचाई जान
हादसे के दौरान लाइफ जैकेट पहने कुछ यात्रियों को स्थानीय लोगों ने रस्सियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दे दिए हैं। बचाव अभियान अभी जारी है और इसके पूरा होने के बाद ही मृतकों और लापता लोगों की सही संख्या स्पष्ट हो पाएगी।
