सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के इमलिया सुलतानपुर क्षेत्र में सीतापुर-गोला रोड पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक महिला और उसके बेटे सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रामकोट थाना क्षेत्र के ग्राम अरथाना निवासी हिमांशु पांडेय (25) अपनी मां रेखा पांडेय (50) और मामी सुनीता (45) पत्नी जयशंकर बाजपेई के साथ एक शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कोतवाली देहात क्षेत्र के कचनार चौकी अंतर्गत ककरहा के पास अंगरासी मोड़ पर सीतापुर से गोला की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में रेखा पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल हिमांशु और सुनीता को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
