दिल्ली। दिल्ली के करोलबाग इलाके में शुक्रवार तड़के एक युवक को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। घायल की पहचान आनंद पर्वत के थान सिंह नगर निवासी रोहित के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, सुबह 3:55 बजे अस्पताल से सूचना मिली कि रोहित को गोली लगने के बाद भर्ती कराया गया है।
जांच के दौरान फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से दो खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस ने आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है।
