डेस्क। आदित्य धर की निर्देशित फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और तब से लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह और दीवानगी देखने को मिल रही है। यही कारण है कि लोग बड़ी संख्या में सिनेमाघरों का रुख कर रहे हैं, जिससे इसकी कमाई लगातार बढ़ती जा रही है। रिलीज के 18वें दिन, यानी 6 अप्रैल 2026 तक, इस थ्रिलर फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए कई बड़े मुकाम हासिल कर लिए हैं।
फिल्म ने पहले भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने का रिकॉर्ड बनाया और अब 1000 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होकर इतिहास रच दिया है। खास बात यह है कि यह अमेरिका में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म भी बन चुकी है। साथ ही, इसने अपनी पिछली फिल्म ‘धुरंधर’ के कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है।
कमाई के आंकड़ों की बात करें तो फिल्म ने पहले दो हफ्तों में ही भारत में 938 करोड़ रुपये जुटा लिए थे। तीसरे शुक्रवार को इसकी कमाई में 20% से ज्यादा उछाल आया और फिल्म ने 21.55 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके बाद शनिवार (4 अप्रैल) को प्रदर्शन और मजबूत रहा, जब फिल्म ने 25.65 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की। इस तरह 17 दिनों में फिल्म का कुल कलेक्शन 985 करोड़ रुपये पहुंच गया।
अब ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली बॉलीवुड की पहली फिल्म बन गई है। वहीं, भारतीय सिनेमा में यह उपलब्धि हासिल करने वाली तीसरी फिल्म है, इससे पहले ‘पुष्पा 2’ और ‘बाहुबली 2’ यह कारनामा कर चुकी हैं।
