गाजियाबाद रोजगार मेला: सुनील कुमार शर्मा की पहल पर आयोजन
गाजियाबाद/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा की पहल पर साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र, गाजियाबाद के वसुंधरा स्थित सेठ आनंद राम जयपुरिया स्कूल में भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें उद्योगों की मांग के अनुरूप करियर बनाने में मदद देने के उद्देश्य से आयोजित इस मेले में लगभग 5,000 युवाओं ने प्रतिभाग किया।
1M1B फाउंडेशन और माइक्रोसॉफ्ट के सहयोग से आयोजित रोजगार मेले में टीसीएस, फॉक्सकॉन, फोर्स मोटर्स, किया मोटर्स, टीवीएस, अडानी सोलर और टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स सहित विभिन्न कंपनियों ने हिस्सा लिया। करीब 40 नियोक्ताओं की भागीदारी से युवाओं को कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने, साक्षात्कार देने और अपनी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर तलाशने का मंच मिला।

10,000 युवाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य
इस अवसर पर आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले के माध्यम से 10,000 युवाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इस दिशा में आगे भी निरंतर रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे, ताकि साहिबाबाद और आसपास के क्षेत्रों के अधिक से अधिक युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों में काम करने का अवसर मिल सके।
उन्होंने कहा कि आज के समय में केवल शैक्षिक योग्यता ही नहीं, बल्कि तकनीकी दक्षता और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल भी रोजगार पाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन युवाओं और कंपनियों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करते हैं और उन्हें अपने करियर के लिए बेहतर अवसर तलाशने में मदद करते हैं।

उत्तर प्रदेश के आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के दृष्टिकोण के अनुरूप तकनीकी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने, युवाओं के कौशल को उद्योगों की आवश्यकताओं से जोड़ने और प्रदेश में तकनीक आधारित विकास को गति देने की दिशा में ऐसी पहल महत्वपूर्ण है। इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, सूचना प्रौद्योगिकी और अन्य उभरते क्षेत्रों में उद्योगों की भागीदारी से युवाओं को रोजगार के नए विकल्पों से परिचित होने का अवसर मिलता है।
रोजगार मेले में ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, विनिर्माण, सौर ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा और प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। गाजियाबाद, साहिबाबाद, गौतम बुद्ध नगर और आसपास के क्षेत्रों से आए युवाओं ने कंपनियों की भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया। सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का यह प्रयास किसी एक आयोजन तक सीमित नहीं रहेगा। भविष्य में भी रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं और नियोक्ताओं को जोड़ने का काम जारी रखा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा अपनी योग्यता और कौशल के आधार पर रोजगार प्राप्त कर सकें।
