दवाओं के साथ क्लोरीन टैबलेट और ओआरएस पैकेट बांटे
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में डेंगू के नए मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। आज जिले में डेंगू के 11 नए पॉजिटिव मरीज मिले। इनमें चंदरनगर के चार, अलीगंज के दो, टुड़ियागंज के दो और इंदिरानगर के तीन मरीज शामिल हैं। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर फैजुल्लागंज क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 65 घरों का स्वास्थ्य सर्वेक्षण कर लोगों को मौसमी बीमारियों और मच्छरजनित रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
फैजुल्लागंज में 65 घरों का स्वास्थ्य सर्वेक्षण
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, लखनऊ के निर्देश पर नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फैजुल्लागंज की प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आसमा के नेतृत्व में क्षेत्रीय आशा कार्यकर्ताओं और एएनएम की टीम ने कुंज विहार कॉलोनी, हाजिया इंस्टीट्यूट (दाउदनगर) और संत कबीर नगर में स्वास्थ्य सर्वेक्षण किया। इस दौरान लोगों को आवश्यक दवाएं, क्लोरीन की गोलियां और ओआरएस पैकेट वितरित किए गए। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारियां भी दी गईं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मोबाइल मेडिकल यूनिट ने कुंज विहार कॉलोनी में 23 और हाजिया इंस्टीट्यूट के पास दाउदनगर में 32 लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई। इसके अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की ओर से क्षेत्र में 108 रोगी वाहन की 24 घंटे तैनाती की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल सहायता मिल सके।
डेंगू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने की अपील की है। डेंगू फैलाने वाले मच्छरों की ब्रीडिंग रोकने के लिए कूलर का पानी हर सप्ताह खाली करके उसे अच्छी तरह साफ और सूखा रखने की सलाह दी गई है। पानी की टंकियों और अन्य कंटेनरों को ढककर रखने के साथ बाल्टी, पुराने टायर, अनुपयोगी बर्तन, बोतल और कबाड़ में पानी जमा नहीं होने देना चाहिए।
फूलदान और बर्ड बाथ जैसे बर्तनों का पानी भी हर सप्ताह बदलना चाहिए। लोगों को सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करने, पूरी बांह के कपड़े पहनने और मच्छररोधी क्रीम का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
बुखार होने पर खुद से न लें दवा
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को बुखार आने पर खुद से दवा लेने से बचने और चिकित्सक की सलाह के अनुसार ही उपचार कराने की अपील की है। डेंगू और अन्य मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए घरों के आसपास साफ-सफाई रखने तथा जलभराव को रोकने पर विशेष जोर दिया गया है।
मौसमी बीमारियों से संबंधित जानकारी, सहयोग और सहायता के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, लखनऊ के कंट्रोल रूम नंबर 0522-2622080 पर संपर्क किया जा सकता है।
