जिला संपर्क केंद्र पर निर्वाचन संबंधी शिकायतों का होगा त्वरित निस्तारण
देवरिया। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बताया है कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन के दृष्टिगत जनपद में निर्वाचन संबंधी सूचनाओं के आदान-प्रदान, मतदाताओं की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए जिला संपर्क केंद्र का संचालन किया जा रहा है। इसका टोल फ्री नंबर 1950 है।
उन्होंने बताया कि जिला संपर्क केंद्र के माध्यम से आम नागरिक एवं मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने की स्थिति, मतदाता पहचान पत्र, मतदान केंद्र, मतदान प्रक्रिया सहित निर्वाचन से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही निर्वाचन से जुड़ी अपनी शिकायतें एवं समस्याएं भी दर्ज करा सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि संपर्क केंद्र पर प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारु रूप से संपन्न कराई जा सके। उन्होंने जनपद के नागरिकों से निर्वाचन संबंधी जानकारी प्राप्त करने तथा अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान के लिए टोल फ्री नंबर 1950 का उपयोग करने की अपील की है।
