वित्तीय वर्ष 2026-27 के पहले पांच माह (अप्रैल से अगस्त) में 24,795.52 करोड़ रुपए राजस्व संग्रह
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आबकारी एवं मद्य निषेध राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी नीतियों से आबकारी विभाग राजस्व प्राप्ति में नित नया कीर्तिमान बना रहा है। विगत साढ़े चार वर्षों में विभाग ने राजस्व प्राप्ति और अवैध मदिरा के नियंत्रण में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। आबकारी विभाग ने राजस्व संग्रह में विगत वर्षों के सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने बताया कि आबकारी विभाग ने वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम पांच माह (अप्रैल से अगस्त) तक में 24,795.52 करोड़ रुपए राजस्व प्राप्त किया, जो गत वित्तीय वर्ष 2025-26 की इसी अवधि में प्राप्त राजस्व 22,337.62 करोड़ रुपए के सापेक्ष 11.00 प्रतिशत अर्थात् 2,457.90 करोड़ रुपए अधिक है। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 के अगस्त माह में 3,993.10 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त किया गया, जो कि गत वित्तीय वर्ष 2025-26 के इसी माह में प्राप्त राजस्व 3,754.43 करोड़ रुपए के सापेक्ष 4.76 प्रतिशत अर्थात् 178.67 करोड़ रुपए अधिक है। इसी प्रकार आबकारी विभाग द्वारा गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में भी ऐतिहासिक 57,722.26 करोड़ रुपए राजस्व प्राप्त किया गया, जो कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्राप्त राजस्व 52,573.07 करोड़ रुपए के सापेक्ष 9.79 प्रतिशत अर्थात 5,149.19 करोड़ रुपए अधिक था।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज, 13.83 लाख लीटर शराब बरामद
आबकारी मंत्री ने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम पांच माह (अप्रैल से अगस्त) तक में अवैध शराब के विरूद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही करते हुए कुल 49,569 अभियोग दर्ज किए गए और 13.83 लाख लीटर अवैध मदिरा/मादक द्रव्य बरामद की गयी। वहीं अवैध मदिरा के कारोबार में संलिप्त 7,899 व्यक्तियों को गिरफ्तार करते हुए 1,327 व्यक्तियों को जेल भेजा गया तथा अवैध मदिरा की तस्करी में प्रयोग किए गए 50 वाहनों को जब्त किया गया।
इसी प्रकार अगस्त 2026 में अवैध शराब के विरुद्ध की गई प्रवर्तन कार्यवाही में कुल 10,479 अभियोग दर्ज कर 2.48 लाख लीटर अवैध मदिरा/मादक द्रव्य बरामद की गयी। वहीं अवैध मदिरा के कारोबार में संलिप्त 1,639 व्यक्तियों को गिरफ्तार करते हुए 228 व्यक्तियों को जेल भेजा गया एवं अवैध मदिरा की तस्करी में प्रयुक्त 07 वाहनों को जब्त किया गया।
आबकारी राजस्व बढ़ाने के साथ नशे पर भी सख्ती
उन्होंने बताया कि आबकारी विभाग की राजस्व प्राप्ति में लगातार वृद्धि हो रही है और अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही की जा रही। प्रदेश सरकार ने वर्तमान वित्तीय वर्ष 2026-27 में आबकारी विभाग के लिए 71,278 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्ति का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसे प्राप्त करने के लिए विभागीय अधिकारी पूर्ण उत्तरदायित्व एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए आगे बढ़ रहे। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य राजस्व बढ़ाने के साथ-साथ समाज को नशे के दुष्प्रभावों से भी बचाना है। विभाग द्वारा किए गए प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही के कारण विगत साढ़े चार वर्षों में अवैध व जहरीली मदिरा पीने से किसी भी प्रकार की जनहानि नही हुई।
