फैजुल्लागंज के मिल्लतनगर और केशवनगर में 55 घरों का स्वास्थ्य सर्वेक्षण
लखनऊ। राजधानी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को बीमारियों से बचाने और समय पर इलाज उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनबी सिंह के निर्देश पर 12 अक्टूबर को फैजुल्लागंज क्षेत्र में स्थापित स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने शिविर में आने वाले लोगों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य सर्वेक्षण
फैजुल्लागंज के मिल्लतनगर और केशवनगर में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आसमा के नेतृत्व में आशा कार्यकर्ताओं और एएनएम की टीम ने 55 घरों का स्वास्थ्य सर्वेक्षण किया। इस दौरान लोगों को जरूरत के अनुसार दवाएं, क्लोरीन की गोलियां और ओआरएस के पैकेट वितरित किए गए। साथ ही, स्वच्छता बनाए रखने और मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया गया।

मिल्लतनगर में मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से 55 लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, प्रभावित क्षेत्र में जरूरतमंदों को उपचार उपलब्ध कराने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की टीम और 108 एंबुलेंस की 24 घंटे तैनाती की गई है।
उमरावखेड़ा में 98 घरों का निरीक्षण
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काकोरी के अधीक्षक डॉ. केडी मिश्रा के निर्देशन में स्वास्थ्य टीम ने उमरावखेड़ा में घर-घर जाकर स्थिति का जायजा लिया। टीम ने कुल 98 घरों का स्थलीय निरीक्षण किया और लोगों को 150 किट वितरित कीं। इस अभियान का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित परिवारों तक जरूरी स्वास्थ्य सामग्री पहुंचाना और संभावित बीमारियों के खतरे को कम करना है।
मच्छरों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की सलाह
बाढ़ और जलभराव वाले क्षेत्रों में मच्छरों के पनपने की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। घरों और आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर, पानी की टंकियों और अन्य बर्तनों को साफ रखें तथा उन्हें ढककर रखें। पुराने टायर, टूटे बर्तन, बोतल और कबाड़ में पानी इकट्ठा न होने दें।

स्वास्थ्य विभाग ने सोते समय मच्छरदानी लगाने, पूरी बांह के कपड़े पहनने और मच्छररोधी क्रीम का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। कूलर का पानी हर सप्ताह खाली करके उसकी सफाई करनी चाहिए। फूलदान और पक्षियों के पानी के बर्तनों में भी नियमित रूप से पानी बदलना जरूरी है।
बुखार होने पर खुद से दवा न लें
विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि बुखार आने पर बिना चिकित्सकीय परामर्श के दवा न लें। किसी भी तरह के लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें और चिकित्सक की सलाह के अनुसार उपचार कराएं। मौसमी बीमारियों से संबंधित जानकारी, सहयोग और सहायता के लिए लोग मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, लखनऊ के कंट्रोल रूम नंबर 0522-2622080 पर संपर्क कर सकते हैं।
