फैजुल्लागंज और अलीगंज समेत विभिन्न क्षेत्रों में 27 टीमों ने चलाया अभियान
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। शनिवार, 7 नवंबर को जिले में डेंगू के 27 नए धनात्मक मरीज मिले। इनमें चंदरनगर में सबसे अधिक 7, इंदिरानगर में 6, अलीगंज और सरोजनीनगर में 4-4 मरीज मिले हैं। इसके अलावा चिनहट में 2 तथा एनके रोड, गोसाईंगंज, रेडक्रॉस और सिल्वर जुबिली क्षेत्र में एक-एक मरीज की पुष्टि हुई है।
मुख्य चिकित्साधिकारी लखनऊ के निर्देश पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की 27 टीमों ने व्यापक सर्वेक्षण अभियान चलाया। डॉ. हेमंत कुमार, अधीक्षक, नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज और डॉ. आसमा, प्रभारी चिकित्साधिकारी, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फैजुल्लागंज के निर्देशन में गठित टीमों ने श्याम विहार, गौरभीत, गाजीपुर, हनुमानपुरम, भगवंतपुरम, नई बस्ती, लोहरा मऊ, नया दाउदनगर, पुराना दाउदनगर, संत कबीर नगर और लक्ष्मी नगर समेत विभिन्न क्षेत्रों में 1664 घरों का स्वास्थ्य सर्वेक्षण किया।
सर्वेक्षण के दौरान लोगों को आवश्यक चिकित्सीय परामर्श देने के साथ जांच और दवाओं का वितरण किया गया। इसके अलावा क्लोरीन की गोलियां और ओआरएस पैकेट उपलब्ध कराए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने लोगों को मौसमी बीमारियों और मच्छर जनित रोगों से बचाव के प्रति जागरूक भी किया।
मोबाइल मेडिकल यूनिट ने 45 लोगों को दी स्वास्थ्य सुविधा
क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय की ओर से 24 घंटे चिकित्सा सहायता की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही 108 रोगी वाहन भी तैनात किया गया है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से प्रीति नगर में 13 और नई बस्ती में 32 लोगों को चिकित्सा सुविधा का लाभ दिया गया।

डेंगू से बचाव के लिए लोगों को किया जागरूक
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने लोगों को डेंगू और अन्य वेक्टर जनित रोगों से बचाव के लिए जागरूक किया। अधिकारियों ने घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने, पानी की टंकियों और बर्तनों को ढककर रखने तथा प्रत्येक सप्ताह कूलर की सफाई करने की सलाह दी। साथ ही पुराने टायर, कबाड़, नारियल के खोल और अनुपयोगी बर्तनों में पानी जमा न होने देने की अपील की।
लोगों को सोते समय मच्छरदानी लगाने, पूरी बांह के कपड़े पहनने और मच्छररोधी क्रीम का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि बुखार आने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सक की सलाह के अनुसार ही उपचार कराएं।
कंट्रोल रूम नंबर पर ले सकते हैं सहायता
मौसमी बीमारियों से संबंधित जानकारी, सहयोग और सहायता के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय, लखनऊ के कंट्रोल रूम नंबर 0522-2622080 पर संपर्क किया जा सकता है।
