02 अक्टूबर से 02 नवम्बर, 2026 के मध्य ऑनलाइन पंजीकरण करा सकेंगे लोग
लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण इस बार गांधी जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री आवास व अफोर्डेबल हाउस की सौगात लेकर आया है। इसके तहत अनंत नगर योजना के पहले बहुमंजिला हाउसिंग प्रोजेक्ट ‘अदिति अपार्टमेंट’ के 1392 भवनों के लिए पंजीकरण खोला जा रहा है। इसमें 01 बीएचके के 412 प्रधानमंत्री आवास व 02 बीएचके के 980 अफोर्डेबल हाउस उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस परियोजना का शिलान्यास किया है।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि भवनों के लिए पंजीकरण सिर्फ और सिर्फ प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट registration.ldalucknow.in के माध्यम से ही कराया जा सकेगा। जिसके लिए 02 अक्टूबर से 02 नवम्बर, 2026 तक पोर्टल लाइव रहेगा। पंजीकरण कराने के लिए आवेदक को भवन के अनुमानित मूल्य की 05 प्रतिशत धनराशि जमा करनी होगी। वहीं, आरक्षित वर्ग के लिए पंजीकरण धनराशि 2.5 प्रतिशत होगी। भवनों का आवंटन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि अनंत नगर योजना के आदर्श खण्ड में 18,411 वर्गमीटर क्षेत्रफल के ग्रुप हाउसिंग भूखण्ड पर अदिति अपार्टमेंट निर्मित किया जाएगा। यह परियोजना विभिन्न आय वर्ग के परिवारों की आवासीय जरूरतों को पूरा करेगी। अपार्टमेंट में कुल 05 टावर होंगे। वहीं, लगभग 7,500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में पार्क एवं ग्रीन बेल्ट विकसित किया जाएगा। अपार्टमेंट को इस तरह डिजाइन किया गया है, जिससे अधिकांश फ्लैटों से लोगों को हरित क्षेत्र का दृश्य मिलेगा।
01 बीएचके प्रधानमंत्री आवास
अपर सचिव सी0पी0 त्रिपाठी ने बताया कि योजना में 01 बीएचके के कुल 412 फ्लैट होंगे। प्रत्येक फ्लैट 38.25 वर्गमीटर क्षेत्रफल का होगा, जिसकी कीमत 8,99,900 रूपये निर्धारित की गयी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत 01 बीएचके भवन के लिए लाभार्थी को 6.50 लाख रूपये ही देने होंगे, शेष 2.50 लाख रूपये का अंशदान केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा किया जाएगा।
02 बीएचके अफोर्डेबल हाउस
योजना में 02 बीएचके श्रेणी के कुल 980 फ्लैट बनेंगे। प्रत्येक फ्लैट 50.10 वर्गमीटर क्षेत्रफल का होगा, जिसकी कीमत 34,82,000 लाख रूपये तय की गयी है। अपार्टमेंट में बेसमेंट एवं स्टिल्ट पार्किंग का प्रावधान किया जाएगा, जिसमें 545 चार पहिया वाहनों व दो पहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा होगी।
फ्लैट में मिलेगी 03 बालकनी
अदिति अपार्टमेंट में 01 बीएचके के फ्लैट में 02 और 02 बीएचके के फ्लैट में 03 बालकनी दी जाएंगी। यह परियोजना पूरी तरह आधुनिक शहरी सुविधाओं से लैस होगी। जिसमें हाई स्पीड लिफ्ट, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग, पावर बैकअप, स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम, कम्यूनिटी स्पेस, पेडेस्ट्रियन पाथ-वे आदि सुविधाएं शामिल होंगी।
