लखनऊ। जेडीयू के वरिष्ठ नेता रहे केसी त्यागी ने अब राष्ट्रीय लोकदल का दामन थाम लिया है। नई दिल्ली में रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी भी मौजूद रहे। सदस्यता ग्रहण करने के बाद केसी त्यागी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने उन्हें बहुत कम उम्र में हापुड़ से चुनाव लड़ने का मौका दिया था, जिसका कारण उन्होंने कभी नहीं बताया। उन्होंने बताया कि वह अक्टूबर 2003 में समता पार्टी और जनता दल के विलय से बनी जनता दल (यूनाइटेड) से जुड़े रहे और पार्टी में मुख्य महासचिव, मुख्य प्रवक्ता तथा राजनीतिक सलाहकार जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।
केसी त्यागी जेडीयू के गठन के समय से ही पार्टी के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे हैं और लंबे समय से सक्रिय राजनीति में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे में उनके व्यापक अनुभव का लाभ अब पार्टी को मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। त्यागी ने स्पष्ट किया कि वह अब सांसद या विधायक बनने की महत्वाकांक्षा से नहीं, बल्कि जयंत चौधरी को चौधरी चरण सिंह के नेतृत्व की तरह देखने की इच्छा के साथ रालोद में शामिल हुए हैं। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह केसी त्यागी की एक पुस्तक के विमोचन समारोह में जयंत चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। उसी दौरान से उनके रालोद में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई थीं, जो अब सच साबित हुई हैं।
