407 मरीजों को मिली विशेषज्ञ डॉक्टरों की स्वास्थ्य सेवा
लखनऊ। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को काकोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह ने बताया कि शिविर में एरा मेडिकल कॉलेज से आए हड्डी रोग विशेषज्ञ ने मरीजों को परामर्श एवं उपचार की सेवाएं प्रदान कीं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से लोगों को उनके घर के समीप ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जो सरकार की मंशा के अनुरूप है।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी योगेश रघुवंशी ने बताया कि शिविर में कुल 407 लोगों की ओपीडी हुई। इनमें हड्डी रोग के 25, बाल रोग के 40, नेत्र रोग के 25, स्त्री रोग के 76, प्रसूति रोग के 55, गैर-संचारी रोग (एनसीडी) के 60 और सामान्य रोग के 130 मरीज शामिल रहे।

शिविर में 14 लोगों की अल्ट्रासाउंड, 25 की एक्स-रे और तीन लोगों की ईसीजी जांच की गई। सहयोगी संस्था गुड हेल्थ केयर की ओर से प्रसवपूर्व एवं प्रसव पश्चात देखभाल, नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। इस मौके पर आईएएस श्वेता, सीएचसी अधीक्षक डॉ. के.डी. मिश्रा सहित सीएचसी के अन्य अधिकारी, कर्मचारी तथा संस्था गुड हेल्थ केयर की अध्यक्षा निदा फातिमा मौजूद रहीं।
