लखनऊ। राजधानी के जानकीपुरम ट्रॉमा सेंटर में एक डॉक्टर पर घूस लेने का गंभीर आरोप सामने आया है। थाना सैरपुर क्षेत्र के पूरब गांव की एक महिला ने आरोप लगाया कि इलाज के नाम पर उससे बार-बार पैसे मांगे गए।
महिला के अनुसार, पहले कच्चा प्लास्टर करने के नाम पर उससे 600 रुपये ऑनलाइन वसूले गए। इसके बाद अब पक्का प्लास्टर करने के लिए 800 रुपये की अतिरिक्त मांग की जा रही है। पीड़िता का कहना है कि सरकारी अस्पताल में इस तरह पैसे मांगना गरीब मरीजों के साथ अन्याय और शोषण है। मामले की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता रज्जन पांडे ट्रॉमा सेंटर पहुंच गए। इस दौरान उनकी संबंधित डॉक्टर से तीखी बहस हुई और मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। घटना के दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस प्रकरण के सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन की पारदर्शिता और जवाबदेही पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। आम जनता का कहना है कि यदि अस्पतालों में ही इस तरह की शिकायतें सामने आएंगी, तो गरीब और जरूरतमंद मरीजों का भरोसा टूटेगा।
