- गोमती नगर विस्तार से अर्जुनगंज जाना होगा आसान, 10 लाख की आबादी को मिलेगा लाभ
- एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने ग्रीन काॅरिडोर के निर्माणाधीन रूट का किया निरीक्षण
- डालीगंज से पक्का पुल के मध्य 1.5 किलोमीटर लंबे आर0ओ0बी0 का कार्य 15 जून तक पूर्ण करने के निर्देश
लखनऊ। पिपराघाट से शहीद पथ के मध्य आकार ले रहा ग्रीन काॅरिडोर अब सुलतानपुर रोड से भी कनेक्ट होगा। इसके लिए आर्मी लैंड से मरी माता मंदिर तक 4-लेन सड़क बनायी जाएगी। इससे गोमती नगर विस्तार से अर्जुनगंज की ओर जाना आसान होगा और लगभग 10 लाख की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मंगलवार को स्थल निरीक्षण करके 4-लेन सड़क का कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिये। उपाध्यक्ष ने बताया कि ग्रीन काॅरिडोर के तृतीय चरण के अंतर्गत पिपराघाट से शहीद पथ के मध्य बंधा एवं सड़क निर्माण, फ्लाईओवर व ब्रिज का कार्य कराया जा रहा है। इस रूट को और अधिक प्रभावी व लोगों के लिए उपयोगी बनाने के उद्देश्य से ग्रीन काॅरिडोर को सुलतानपुर रोड से सीधे कनेक्ट करने का भी कार्य कराया जाएगा। जिसके लिए आर्मी लैंड पर निर्माणाधीन ग्रीन काॅरिडोर से सुलतानपुर रोड स्थित मरी माता मंदिर तक 4-लेन सड़क बनायी जाएगी। लगभग 1800 मीटर लंबी इस सड़क का निर्माण लगभग 33 करोड़ रूपये की लागत से कराया जाएगा।
नये रूट से बड़ी आबादी को होगा फायदा
उपाध्यक्ष ने बताया कि 4-लेन सड़क के निर्माण के लिए टेंडर के माध्यम से कार्यदायी संस्था का चयन कर लिया गया है। जल्द ही स्थल पर कार्य शुरू करा दिया जाएगा, जिसके लिए सम्बंधित अभियंताओं को निर्देश दे दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि ग्रीन काॅरिडोर से सुलतानपुर रोड के मध्य यह नया रूट बनने से पुलिस मुख्यालय, ओमैक्स, इमार टाउनशिप समेत गोमती नगर विस्तार से अर्जुनगंज की ओर जाना आसान होगा और बड़ी संख्या में लोग लाभन्वित होंगे।
15 जून तक पूरा होगा डालीगंज आर0ओ0बी0
ग्रीन काॅरिडोर परियोजना के अंतर्गत पक्का पुल से डालीगंज के मध्य निर्मित किये जा रहे 1.5 किलोमीटर लंबे आर0ओ0बी0/फ्लाईओवर का भी उपाध्यक्ष ने निरीक्षण किया। अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि रेलवे से एन0ओ0सी0 प्राप्त हो गयी है। जिस पर उपाध्यक्ष ने 15 जून तक आर0ओ0बी0 का निर्माण पूर्ण कराकर कनेक्टिविटी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। आर0ओ0बी0 चालू होने से खदरा, सीतापुर रोड, चौक, हुसैनाबाद, बसंतकुंज की आबादी को लाभ मिलेगा।
