देवरिया। देवरिया जनपद के मईल थाना क्षेत्र में सोमवार रात लगभग 10:30 बजे नेनुआ गांव के पास बलिया जिले के रसड़ा उपजिलाधिकारी संजय कुमार कुशवाहा की गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन में सवार एसडीएम और उनके चालक को हल्की चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार, उपजिलाधिकारी संजय कुमार किसी कार्य से देवरिया गए थे और वापस बलिया लौट रहे थे। इस दौरान नेनुआ गांव के पास उनकी गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी मची। सूचना मिलने पर मईल थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और वाहन में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल उपजिलाधिकारी और चालक को प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया। मईल थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सभी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और घटना की जांच जारी है।
