मैंगो बायर-सेलर मीट में हुए कई MoU
लखनऊ। योगी सरकार द्वारा तीन दिवसीय “उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2026” के दूसरे दिन शनिवार को जन भवन, लखनऊ में ‘मैंगो बायर-सेलर मीट’ का आयोजन किया गया। जिसमें राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह उपस्थित रहें।
इस मीट में आम निर्यातकों और उत्पादकों के बीच अनुबंध (MoU) हुए, जिसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश के किसानों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खरीदारों से सीधे जोड़कर आमों को वैश्विक बाजार और सही मूल्य दिलाना था। उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश की भारत के कुल आम उत्पादन में 26% हिस्सेदारी है। उन्होंने उद्योगपतियों से खाद्य प्रसंस्करण इकाइयाँ लगाने का आग्रह किया और योगी सरकार द्वारा 50% तक सब्सिडी का उल्लेख किया।
जेवर एयरपोर्ट से बढ़ेगा आम निर्यात, किसानों की आय बढ़ने की उम्मीद
उद्यान मंत्री ने जेवर एयरपोर्ट बनने से आमों के निर्यात में आसानी और किसानों की आय में वृद्धि की संभावना पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि राज्य की कुल कृषि भूमि में उद्यान फसलों का क्षेत्रफल केवल 9% होने के बावजूद, उनका उत्पादन में 42% और मूल्य में 52% योगदान है। तकनीकी सत्र में विशेषज्ञों ने किसानों को आम की सुरक्षित कटाई, फसल कटाई के बाद प्रबंधन, मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण, निर्यात मानकों, ब्रांडिंग, प्राकृतिक खेती और स्टार्टअप की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी।
