लखनऊ। मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र और अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव के निधन के कारण का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हो गया है। रिपोर्ट के अनुसार उनकी मृत्यु का कारण पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म (फेफड़ों की नसों में रक्त का थक्का जमना) पाया गया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि शरीर के निचले हिस्से में बने रक्त के थक्के ऊपर की ओर बढ़े, जिससे फेफड़ों की धमनियों में अवरोध और संक्रमण की स्थिति उत्पन्न हुई। इसके चलते कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स (हृदय और श्वसन तंत्र के अचानक बंद हो जाने) से उनकी मौत हो गई।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया है कि शरीर पर पाए गए सभी चोट के निशान मृत्यु से पहले के हैं (एंटेमॉर्टेम)। जांच के लिए हृदय और फेफड़ों से संबंधित थ्रोम्बोएम्बोलिक पदार्थ को फॉर्मेलिन में सुरक्षित रखा गया है, जबकि विसरा के नमूने रासायनिक परीक्षण हेतु भेजे गए हैं। गौरतलब है कि प्रतीक यादव बुधवार सुबह अचानक अस्वस्थ हो गए थे, जिसके बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
