मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए सभी शिक्षण संस्थानों में मनाया जायेगा ‘ईएलसी दिवस’
गोरखपुर /लखनऊ। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों की भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त श्री मनीष गर्ग की अध्यक्षता तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश श्री नवदीप रिणवा एवं आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में शुक्रवार को गोरखपुर में आजमगढ़ तथा विंध्याचल मंडल की समीक्षा बैठक की गयी। दोनों मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले आजमगढ़, मऊ, बलिया, मिर्जापुर, भदोही एवं सोनभद्र जनपदों की निर्वाचन सम्बन्धी कार्ययोजना की समीक्षा हुई। बैठक में संबंधित मंडलायुक्त, पुलिस महानिरीक्षक / पुलिस उप महानिरीक्षक, जिला निर्वाचन अधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक / पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने मंडल एवं जनपद स्तर की तैयारियों का विवरण प्रस्तुत किया। बैठक में जनपदवार निर्वाचन प्रबंधन योजना (DEMP), निर्वाचन कार्मिकों की उपलब्धता एवं प्रशिक्षण तथा मतदान और मतगणना की तैयारियों की समीक्षा की गई।
वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिये कि निर्वाचन कार्यों एवं कार्मिकों के प्रशिक्षण में व्यक्तिगत रुचि लें और प्रगति की नियमित समीक्षा करें। निर्वाचन सम्बन्धी सभी कार्य सुसंगत नियमों, अधिनियमों एवं आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समय-सीमा में पूरी जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराया जाय।

फॉर्म-17सी की सत्यापित प्रति मतदान अभिकर्ताओं को देना अनिवार्य
वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ने निर्देश दिए कि पीठासीन अधिकारियों के प्रशिक्षण में फॉर्म-17सी के भाग-एक को सही ढंग से भरने और उसकी प्रति मतदान अभिकर्ताओं को उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पर विशेष बल दिया जाए। उन्होंने कहा कि मतदान समाप्त होने पर पीठासीन अधिकारी दर्ज किए गए मतों का लेखा फॉर्म-17सी के भाग-एक में पूर्ण करें और मतदेय स्थल पर उपस्थित प्रत्येक मतदान अभिकर्ता को उसकी सत्यापित प्रति देकर पावती लें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिला निर्वाचन अधिकारी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ होने वाली बैठकों में उन्हें फॉर्म-17सी के उद्देश्य, उसमें दर्ज किए जाने वाले विवरण तथा मतदान अभिकर्ताओं को उसकी सत्यापित प्रति उपलब्ध कराने की प्रक्रिया से विस्तार से अवगत कराएं। फॉर्म-17सी और इससे संबंधित प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए।
वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ने सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक न्यूनतम सुविधाएं (AMF) सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केन्द्रों तक सुगम पहुंच के लिए सम्पर्क मार्गों की स्थिति में सुधार करने के निर्देश दिये। उन्होंने क्रिटिकल एवं वल्नरेबल मतदेय स्थलों के चिह्नीकरण और प्रभावी प्रबंधन पर बल दिया। उन्होंने सीमावर्ती जनपदों के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक में कानून-व्यवस्था, मतदान केंद्रों की सुरक्षा तथा पुलिस एवं प्रशासन के बीच समन्वय की समीक्षा हुई।
वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ने मतदाता जागरूकता, मतदान प्रतिशत एवं निर्वाचन प्रक्रिया में जनसहभागिता बढ़ाने के लिए प्रदेश में SVEEP गतिविधियां संचालित किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि युवाओं में निर्वाचन सम्बन्धी जागरूपता बढ़ाने के लिए जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) की गतिविधियों के लिए दिवस निर्धारित करते हुए ईएलसी डे मनाया जाये।
चुनाव में राजनीतिक विज्ञापनों का पहले होगा एमसीएमसी से प्रमाणन, पेड न्यूज पर रहेगी नजर
जनपद स्तर पर गठित मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति (एमसीएमसी) के सभी सदस्यों को इस हेतु प्रशिक्षण प्रदान किया जाए कि किसी भी विज्ञापन को प्रमाणित करने से पूर्व उसके तथ्यों, सामग्री एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों का गहन परीक्षण किया जाए। निर्वाचन अवधि के दौरान प्रसारित होने वाले सभी राजनीतिक विज्ञापनों का नियमानुसार एमसीएमसी से पूर्व प्रमाणन सुनिश्चित किया जाए। सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने जनपदों में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ कार्यशाला आयोजित करें। इसमें राजनीतिक विज्ञापनों के प्रसारण से संबंधित नियमों, एमसीएमसी की भूमिका एवं पेड न्यूज की पहचान तथा उससे संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी जाए, ताकि निर्वाचन के दौरान मीडिया से जुड़े नियमों का प्रभावी अनुपालन हो सके।
सोशल मीडिया पर प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई कर उनका नियमित फॉलोअप किया जाए। भ्रामक खबरों, अफवाहों तथा आपत्तिजनक सामग्री पर सतत निगरानी रखी जाए और तथ्यों का सत्यापन कर तथ्यपरक खंडन एवं आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।
मतदाता सूचना पर्ची (Voter Information Slip-VIS) का समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने तथा इसका समुचित प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गये। सेवा मतदाताओं को ETPBS के माध्यम से डाक मतपत्र की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए भी निर्देश दिए गये। सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मतगणना के उपरांत इंडेक्स कार्ड निर्धारित प्रारूप में समय सीमा के अन्दर अनिवार्य रूप से तैयार कराना सुनिश्चित करें, जिससे कि 72 घण्टे के अन्दर प्रकाशित किया जा सके। इस कार्य में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।

मतदान केंद्रों पर वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के लिए होंगी विशेष सुविधाएं, चुनाव कर्मियों की निष्पक्षता पर जोर
निर्वाचन से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को समय से प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि उन्हें अपने दायित्वों और आयोग के निर्देशों की पूरी जानकारी रहे। मतदेय स्थलों, मतगणना केंद्रों तथा मतदान दलों की रवानगी एवं वापसी के केंद्रों (DCRC) पर व्यवस्थाएं पूरी की जाएं। इन केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, प्रकाश, बैठने की व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहें। जिला निर्वाचन अधिकारी स्वयं इन व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर उनकी उपलब्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करेंगे। मूवमेंट प्लान, रूट चार्ट एवं मतगणना प्लान भी समय से अद्यतन कर लिया जाए। मतदान के दिन मतदान केंद्रों पर कतार में लगे वरिष्ठ नागरिकों एवं महिलाओं की सुविधा के लिए यथाआवश्यक कुर्सी अथवा बेंच की व्यवस्था की जाए। पर्दानशीं महिला मतदाताओं की पहचान के लिए महिला मतदान कार्मिकों की समुचित तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
सभी जिला निर्वाचन अधिकारी सतत निगरानी रखते हुए यह सुनिश्चित करें कि निर्वाचन कार्य में तैनात कोई भी अधिनस्थ अधिकारी अथवा कर्मचारी किसी राजनैतिक दल से संबद्धता या पक्षपातपूर्ण गतिविधियों में संलिप्त न हो। यदि ऐसा कोई प्रकरण संज्ञान में आता है तो नियमानुसार कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त ने वीवीपैट की पर्चियों की प्रतिदिन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार श्रेडिंग की जाए तथा उनके अंतिम निस्तारण की कार्यवाही निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए। वीवीपैट में प्रयोग किए जाने वाले पेपर रोल को सुरक्षित एवं सीलन मुक्त स्थान पर रखा जाए, जिससे उनकी गुणवत्ता प्रभावित न हो।
यूपी में 4 जनवरी को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची, युवाओं-महिलाओं के नाम जोड़ने पर जोर
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 में कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में सम्मिलित होने से वंचित न रहे। इसके लिए पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं के नाम सम्मिलित कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत मतदाताओं तथा संभावित दोहरी प्रविष्टियों का नियमानुसार सत्यापन कर अपात्र प्रविष्टियों का विधिसम्मत निस्तारण कराएं, ताकि 04 जनवरी, 2027 को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची त्रुटिरहित हो।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ईवीएम की एफएलसी पूरी होने के उपरांत 20 नवम्बर से प्रदेश के सभी जनपद एवं तहसील मुख्यालयों पर ईवीएम प्रदर्शन केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मोबाइल जागरूकता वैन गांवों, मोहल्लों एवं मतदान केंद्रों तक पहुंचेंगी। इनके माध्यम से मतदाताओं को ईवीएम से मतदान करने और वीवीपैट में लगभग सात सेकंड तक दिखाई देने वाली पर्ची देखकर अपने मत का सत्यापन करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। इस अभियान का प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया सहित सभी उपलब्ध माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि 85 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के मतदाताओं एवं दिव्यांग मतदाताओं को आयोग के निर्देशानुसार होम वोटिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस सुविधा का विकल्प चुनने के लिए पात्र मतदाताओं को फॉर्म-12डी समय से उपलब्ध कराया जाएगा। जनपद स्तर पर पात्र मतदाताओं का पहले से आकलन कर उसके अनुरूप टीमों का गठन किया जाएगा। इस सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाएगा, ताकि पात्र मतदाता इसका लाभ ले सकें। जिला निर्वाचन अधिकारी उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी के लिए सम्मानित भी करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि आदर्श आचार संहिता एवं निर्वाचन व्यय संबंधी नियमों के उल्लंघन की शिकायतों के लिए CVIGIL ऐप के उपयोग का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं तथा संबंधित कार्मिकों को प्रशिक्षण दें। उम्मीदवारों की सुविधा के लिए विकसित Suvidha ऐप के उपयोग के संबंध में भी आयोग के दिशा-निर्देशों का अनुपालन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। निर्वाचन सम्बन्धी प्रचार-प्रसार में बाल श्रम का किसी भी स्थिति में उपयोग न होने पाए, इसके लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
प्रदेश के सभी 75 जिलों में हेल्पलाइन-1950 सक्रिय, मतदाता पहचान पत्र वितरण शुरू
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के सभी 75 जनपदों में जिला संपर्क केंद्र, हेल्पलाइन-1950 सक्रिय हैं। इनका प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि मतदाता निर्वाचन संबंधी जानकारी एवं सहायता प्राप्त कर सकें। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि DCC हेल्पलाइन-1950, NGSP, ‘बुक-ए-कॉल विद बीएलओ एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा कर उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण कराएं।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में मतदाता पहचान पत्र के प्रिंटिंग एवं वितरण का कार्य प्रारम्भ हो चुका है। सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया गया की डाक विभाग के माध्यम से मतदाता पहचान पत्र का वितरण सुनिश्चित करायें। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित बैठकें कर उन्हें निर्वाचन गतिविधियों एवं आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया जाए। प्रत्येक बैठक का कार्यवृत्त तैयार किया जाए और प्रेस नोट जारी किया जाए। जनसामान्य को भी नियमित प्रेस विज्ञप्तियों के माध्यम से निर्वाचन संबंधी जानकारी दी जाए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदेश में निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा चरणबद्ध रूप से की जा रही है। सर्वप्रथम दिनांक 02 नवम्बर, 2026 को जनपद मेरठ में चार मंडलों के 18 जनपदों की, इसके उपरांत दिनांक 19 नवम्बर, 2026 को जनपद आगरा में पांच मंडलों के 21 जनपदों की समीक्षा बैठक की गयी। तृतीय चरण में जनपद गोरखपुर में गुरुवार को तीन मंडलों के 11 जनपदों की समीक्षा की जा चुकी है। आज दूसरे दिन गोरखपुर में ही आजमगढ़ एवं विंध्याचल मंडल के 06 जनपदों की समीक्षा की गई। इसके उपरांत शेष चार मण्डलों के 19 जनपदों की दिसंबर के प्रथम सप्ताह में लखनऊ में समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।
