भीतरगांव में विद्यार्थियों ने जाना ग्रामीण पर्यटन और लोकसंस्कृति का रंग
लखनऊ/कानपुर। उत्तर प्रदेश में पर्यटन अब केवल ऐतिहासिक इमारतों और धार्मिक स्थलों तक सीमित नहीं रह गया है। सरकार की कोशिश है कि पर्यटक किसी पर्यटन स्थल पर पहुंचने के साथ उसके आसपास के गांवों की संस्कृति, खानपान, खेती-किसानी और पारंपरिक हुनर को भी करीब से जानें। इसी सोच के साथ प्रदेश में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। कानपुर नगर के भीतरगांव में आयोजित एक विशेष भ्रमण कार्यक्रम ने इस पहल की खूबसूरत तस्वीर पेश की। यहां गुप्तकालीन मंदिर के दर्शन के साथ विद्यार्थियों को होमस्टे में ग्रामीण आतिथ्य, खेतों की सैर, पारंपरिक भोजन और लोककलाओं का अनुभव कराया गया।
यूपी पर्यटन विभाग की ‘एग्री रूरल’ (कृषि-ग्रामीण) और ‘गंगे ग्राम’ ग्रामीण पर्यटन यूपी पर्यटन की एग्री रूरल और गंगेय ग्राम रूरल टूरिज्म पहल के तहत शुक्रवार को आयोजित इस कार्यक्रम में 50 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। भ्रमण की शुरुआत अवनीश कुशवाहा के होमस्टे से हुई, जहां पारंपरिक तरीके से स्वागत, तुलसी पूजन और स्थानीय व्यंजन मुंगोड़े के साथ ग्रामीण मेहमाननवाजी का अनुभव कराया गया। विद्यार्थियों ने होमस्टे संचालक से बातचीत कर ग्रामीण पर्यटन की संभावनाओं और गांव में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। पारंपरिक कुएं, पशुधन और ग्रामीण जीवनशैली को करीब से देखने का अवसर भी इस यात्रा का हिस्सा रहा।
इसके बाद विद्यार्थियों ने भीतरगांव के ऐतिहासिक ईंट निर्मित मंदिर का भ्रमण किया। गुप्तकालीन स्थापत्य कला और टेराकोटा शिल्प के लिए प्रसिद्ध यह मंदिर क्षेत्र की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत का परिचायक है। मंदिर दर्शन के बाद विद्यार्थियों ने सरसों के खेतों और चंदन के बागानों की सैर की। फार्म हाउस भ्रमण और केले के पत्तों पर परोसे गए पारंपरिक भोजन ने इस अनुभव को और खास बना दिया। इस पूरी यात्रा के जरिए यह संदेश दिया गया कि किसी ऐतिहासिक या धार्मिक स्थल के आसपास मौजूद गांव भी पर्यटन के महत्वपूर्ण केंद्र बन सकते हैं।
ग्रामीण लोकगीत, डंडा नृत्य और हस्तशिल्प से रूबरू हुए विद्यार्थी, स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
कार्यक्रम में ग्रामीण संस्कृति और लोक परंपराओं को भी विशेष स्थान दिया गया। गांव की महिलाओं ने लोकगीत प्रस्तुत किए तो स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक डंडा नृत्य के जरिए अपनी कला का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों को स्थानीय शिल्प और हस्तकला से जुड़ी गतिविधियों में भी शामिल किया गया। इसके अलावा योग और ध्यान सत्र, टीम गंगा और टीम यमुना के बीच बालिका कबड्डी मैच, क्विज तथा ग्रामीण पर्यटन विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित हुई। विजेताओं और प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों को सम्मानित भी किया गया।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि ग्रामीण पर्यटन प्रदेश की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को नई पीढ़ी तथा देश-दुनिया के पर्यटकों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पर्यटन को स्थानीय रोजगार और आर्थिक विकास से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। यूपी पर्यटन विभाग की ‘एग्री रूरल’ (कृषि-ग्रामीण) और ‘गंगे ग्राम’ ग्रामीण पर्यटन जैसी पहल के माध्यम से गांवों के होमस्टे संचालकों, महिलाओं, कलाकारों, शिल्पकारों और ग्रामीण उद्यमियों को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इससे न केवल गांवों की परंपराओं और स्थानीय पहचान को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि ग्रामीण परिवारों के लिए आय के नए रास्ते भी खुलेंगे।
यूपी के 234 गांव पर्यटन स्थल के रूप में होंगे विकसित, रोजगार के खुलेंगे नए अवसर
अपर मुख्य सचिव, पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग, अमृत अभिजात ने कहा कि ग्रामीण समुदायों को पर्यटन विकास की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। कृषि, ऐतिहासिक विरासत, स्थानीय शिल्प, होमस्टे और सांस्कृतिक गतिविधियों को एक साथ जोड़कर गांवों में टिकाऊ पर्यटन मॉडल विकसित किए जा रहे हैं। प्रदेश के 234 गांवों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए चिह्नित किया गया है। भीतरगांव जैसे प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों की विशिष्ट पहचान को सामने लाने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
