मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई: जिलाधिकारी
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत अब तक हुई कार्य प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित आरओ, एआरओ एवं अधिकारियों-कर्मचारियों को पूरी गंभीरता एवं तत्परता से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रतिदिन अधिक से अधिक फॉर्म-6 प्राप्त कर उनकी ऑनलाइन फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत सचिव, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एडीओ पंचायत, खंड शिक्षा अधिकारी एवं सीडीपीओ के कार्यों का प्रभावी पर्यवेक्षण करने तथा टीम भावना से अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने को कहा। उन्होंने सभी आरओ को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा लापरवाही करने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लापरवाही पर अधिकारियों के वेतन रोकने और नोटिस जारी करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत कार्य करेंगे तथा लापरवाही पर संबंधित के विरुद्ध अनुशासनात्मक एवं विधिक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अनुपस्थित बीडीओ देवरिया का वेतन रोकने, आरओ रामपुर कारखाना को कारण बताओ नोटिस जारी करने, आरओ सदर को प्रतिकूल प्रविष्टि देने, एडीओ पंचायत सलेमपुर का वेतन रोकने तथा तहसीलदार बरहज को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, सीआरओ चंद्रेश कुमार सिंह, एएसडीएम अवधेश सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
