मच्छरों के प्रजनन स्थल समाप्त करने की अपील
लखनऊ। जनपद में डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से एंटी लार्वा जांच और जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। लोगों को मच्छरों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है। बारिश के बाद विभिन्न स्थानों पर जमा पानी मच्छरों के प्रजनन का कारण बन सकता है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान कर उन्हें समाप्त करने पर जोर दे रहा है। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह ने शुक्रवार को दी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिला मलेरिया इकाई की ओर से मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान कर लार्वा की जांच की जा रही है। जिस घर में डेंगू का मामला सामने आता है, उसके आसपास के 50 घरों में सर्वे किया जाता है। सर्वे के दौरान जिन घरों में मच्छरों का लार्वा पाया जाता है, उन्हें नोटिस जारी किया जाता है। इसके साथ ही आवश्यकतानुसार निरोधात्मक गतिविधियां भी संचालित की जाती हैं।
19.54 लाख घरों का सर्वे, 1,953 घरों में मिला लार्वा
स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस साल जनवरी से अब तक 19.54 लाख घरों का सर्वे किया गया है। इनमें से 1,953 घरों में डेंगू के मच्छरों का लार्वा पाया गया। इस दौरान 37.62 लाख कंटेनरों की जांच की गई, जिनमें से 2,253 में लार्वा मिला। लार्वा पाए जाने पर कुल 432 घरों को नोटिस जारी किए गए।
जनपद में इस साल अब तक डेंगू के 698 मामले
जनपद में इस साल जनवरी से अब तक डेंगू के 698 मामले सामने आए हैं। इनमें से 63 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। भर्ती मरीजों में से 51 उपचार के बाद डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 12 मरीज अभी अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी स्थिति सामान्य है।
डेंगू से बचाव के लिए अपनाएं जरूरी उपाय
डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर मुख्य रूप से साफ पानी में पनपता है और दिन के समय काटता है। इससे बचाव के लिए पूरी बांह के कपड़े पहनें और मच्छररोधी क्रीम का इस्तेमाल करें। पानी की टंकियों और बर्तनों को ढककर रखें तथा नियमित रूप से उनकी सफाई करें। डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों के साथ आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है।
बुखार होने पर कराएं जांच और उपचार
बुखार होने पर स्वयं इलाज न करें, बल्कि नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच और उपचार कराएं। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच और उपचार निशुल्क उपलब्ध हैं। बुखार के दौरान पौष्टिक भोजन लें, पर्याप्त मात्रा में पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करें तथा आराम करें। दवाओं का सेवन चिकित्सक की सलाह के अनुसार ही करें। समय पर जांच और उचित उपचार से बीमारी की गंभीरता को कम करने में मदद मिल सकती है।
अलीगंज और इंदिरानगर में सबसे अधिक मामले, 27 टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में चलाया स्वास्थ्य सर्वेक्षण अभियान
राजधानी लखनऊ में डेंगू के मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी के बीच स्वास्थ्य विभाग ने रोकथाम और बचाव अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार, 30 अक्टूबर को जनपद में डेंगू के 25 नए मरीजों की पुष्टि हुई। इनमें सबसे अधिक सात मरीज इंदिरानगर और छह मरीज अलीगंज क्षेत्र में मिले हैं। वहीं, चंदरनगर में पांच, सिल्वर जुबली में तीन, एनके रोड में दो तथा गोसाईगंज और रेडक्रास क्षेत्र में एक-एक मरीज मिला है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी, लखनऊ के निर्देश पर शुक्रवार को 27 स्वास्थ्य टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर स्वास्थ्य सर्वेक्षण किया। इन टीमों में एनएमए, बीएचडब्ल्यू और क्षेत्रीय आशा कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया था। टीमों ने श्याम विहार, गौरभीट, गाजीपुर, भगवन्तपुरम, हनुमन्तपुरम, केशवनगर, प्रीतीनगर, भरतनगर, मिल्लतनगर, नई बस्ती, गोमती विहार, लक्ष्मीनगर, पुराना दाऊदनगर और लोहारमऊ समेत कई क्षेत्रों में 1,526 घरों का सर्वे किया।
यह अभियान नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज के अधीक्षक डॉ. हेमंत कुमार और नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फैजुल्लागंज की प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आसमा के निर्देशन में संचालित किया गया।
सर्वेक्षण के दौरान लोगों को आवश्यक चिकित्सीय सलाह दी गई। जरूरतमंदों की जांच कर दवाओं का वितरण किया गया। इसके अलावा क्लोरीन की गोलियां और ओआरएस पैकेट भी उपलब्ध कराए गए। स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल और बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
मोबाइल मेडिकल यूनिट ने 26 लोगों को दी स्वास्थ्य सुविधा
स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल मेडिकल यूनिट ने गणेश विहार कॉलोनी में शिविर लगाकर 26 लोगों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराईं। इसके साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की ओर से क्षेत्र में 108 रोगी वाहन की 24 घंटे तैनाती की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।

स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी और सर्वेक्षण कर रही हैं। विभाग की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि घरों के आसपास पानी जमा न होने दें और बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच और उपचार कराएं।
