LDA उपाध्यक्ष के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने की कार्रवाई
लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण ने गुरूवार को गोसाईंगंज व मोहनलालगंज क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान एलडीए से ले-आउट स्वीकृत कराये बिना 100 बीघा से अधिक क्षेत्रफल में की जा रही 05 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने यह कार्रवाई की।
प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि गोसाईंगंज के ग्राम-बेली, मोहारी कला, उदवतखेड़ा व शिवलर माइनर के किनारे अभियान चलाया गया। जिसमें सुरेश कुमार राठौर, प्रगति साहू, मनीष मिश्रा, अनिल अग्रवाल, प्रशांत मिश्रा, सौरभ सिंह, दीपक सिंह, विष्णु गुप्ता व अन्य द्वारा लगभग 90 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 04 अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। इसके अतिरिक्त मोहनलालगंज के ग्राम-खुजौली में सरस्वती लॉन के पीछे अभिषेक सिंह, राजू व अन्य द्वारा लगभग 18 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही 01 अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया। कार्रवाई के दौरान निजी विकासकर्ताओं द्वारा स्थल पर किये गये अनियोजित विकास कार्यों को ध्वस्त कर दिया गया।
