हज यात्रियों की सुविधा, प्रशिक्षण और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर हुई विस्तृत चर्चा
लखनऊ। हज-2027 की तैयारियों एवं हज यात्रियों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज मौलाना अली मियां मेमोरियल हज हाउस, सरोजनीनगर, लखनऊ में उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्य मंत्री अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज, उत्तर प्रदेश एवं अध्यक्ष उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति दानिश आज़ाद अंसारी ने की। बैठक में हज-2027 की व्यवस्थाओं को सुचारु, सुविधाजनक और व्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में हज यात्रियों के हित एवं सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हज हाउस में प्रबन्धकीय व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही हज यात्रियों की यात्रा से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि उन्हें किसी भी स्तर पर असुविधा का सामना न करना पड़े।
हज-2027 की तैयारियों को समयबद्ध पूरा करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर
राज्य मंत्री एवं अध्यक्ष दानिश आज़ाद अंसारी ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि उत्तर प्रदेश से हज यात्रा पर जाने वाले प्रत्येक यात्री को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों और उनकी यात्रा सुगम एवं सुरक्षित रहे। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि हज-2027 की तैयारियों को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं और हज यात्रियों की सुविधा से जुड़े प्रत्येक पहलू की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
बैठक में हज यात्रियों को प्रशिक्षित करने के लिए प्रशिक्षण व्यवस्था को भी और प्रभावी बनाने का निर्णय लिया गया। इस वर्ष चयनित हज ट्रेनर्स एवं राज्य हज इंस्पेक्टर्स को हज हाउस, मुंबई में प्रशिक्षण प्राप्त होने के बाद लखनऊ स्थित हज हाउस में उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की ओर से दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसके उपरांत जनपद स्तर पर हज यात्रियों को आवश्यक जानकारी एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। जनपद स्तर पर यह प्रशिक्षण सदस्य की देखरेख में चयनित हज ट्रेनर्स द्वारा दिया जाएगा, जिससे हज यात्रियों को यात्रा से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं, व्यवस्थाओं एवं सावधानियों की समुचित जानकारी पहले से प्राप्त हो सके।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि हज उड़ानों के दौरान यात्रियों को किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो। इसके लिए उड़ान कार्यक्रम, हज हाउस में यात्रियों की सुविधाओं, आवागमन, ठहरने, प्रशिक्षण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर समय रहते समुचित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर राज्य मंत्री एवं अध्यक्ष दानिश आज़ाद अंसारी के साथ उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के सदस्यों ने 03 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के साथ हुई भेंट के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री द्वारा हज यात्रियों के लिए बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा हज उड़ानों के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। बैठक में मुख्यमंत्री जी के निर्देशों के अनुरूप हज-2027 की तैयारियों को समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया गया।
बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के सदस्य मोहम्मद इफ्तेखार अहमद, वली मोहम्मद, कल्बे हुसैन, जुनेद अंसारी, सैयद अली वारसी, हाफिज़ एजाज अहमद, जावेद कमर खान, कामरान खान एवं कमरुद्दीन जुगनू सहित मोहम्मद तारिक, सचिव हज समिति एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
