नितिन गडकरी ने बछरावां-लालगंज बाईपास निर्माण में तेजी के दिए निर्देश
रायबरेली। प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने बछरावां बाईपास एवं लालगंज बाईपास को लेकर भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है।
मंत्री दिनेश सिंह ने बताया कि बाईपास निर्माण को लेकर स्थानीय स्तर पर उत्पन्न भ्रम और अवरोध की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने नितिन गडकरी से मुलाकात कर रायबरेली की जनता की समस्या मजबूती से रखी। बांदा से सीधे दिल्ली पहुंचकर हुई मुलाकात में केंद्रीय मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जनसभा में घोषित विकास कार्यों को तत्काल आगे बढ़ाने के निर्देश दिए तथा एक माह के भीतर परिणाम सुनिश्चित करने को कहा।
उद्यान मंत्री ने कहा कि बछरावां एवं लालगंज बाईपास के निर्माण से क्षेत्र के विकास और आवागमन को नई गति मिलेगी। रायबरेली की जनता की सेवा, सम्मान और विकास ही उनका जीवन लक्ष्य है और जनहित के लिए वे निरंतर पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करते रहेंगे।
