छात्र-छात्राओं ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों एवं आदर्शों को किया याद
लखनऊ। आइडियल डिग्री कॉलेज में 2 अक्टूबर के अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. ममता शुक्ला ने दोनों महान विभूतियों के जीवन एवं उनके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को सत्य, अहिंसा, अनुशासन, स्वच्छता एवं राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। NSS कार्यक्रम अधिकारी रुचि सिंह ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर NSS के स्वयंसेवकों एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों द्वारा गांधी जी एवं शास्त्री जी के जीवन, विचारों और देश के प्रति उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए गए। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता, अहिंसा, राष्ट्रप्रेम एवं सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित एवं समाजसेवा के प्रति समर्पण की भावना के साथ किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण, NSS स्वयंसेवक एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
